यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां तेज, एक हफ्ते में सेक्टर अफसरों की तैनाती के निर्देश
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां अब तेज हो गई हैं। राजनीतिक दलों के साथ निर्वाचन आयोग ने भी चुनावी तैयारियों को लेकर कवायद शुरू कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने सभी जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, डीएम, पुलिस आयुक्तों और एसएसपी-एसपी के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं। आयोग ने एक सप्ताह के भीतर सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर की तैनाती पूरी करने को कहा है।
चार महीने पहले तैनाती का प्रावधान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार विधानसभा चुनाव की तारीख से करीब चार महीने पहले सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर की नियुक्ति की जानी होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के लिए एक सप्ताह में इन अधिकारियों की तैनाती पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों का चयन करते समय संवेदनशील और सक्षम अधिकारियों को प्राथमिकता देने को कहा गया है।
बूथों की व्यवस्थाओं का होगा सत्यापन
चुनाव से पहले मतदान केंद्रों पर मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जाएगी। अधिकारियों को मतदान केंद्रों की स्थिति का सत्यापन समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील और वल्नरेबल क्षेत्रों की पहचान, मोबाइल नेटवर्क कनेक्टिविटी और ईवीएम वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी निगरानी रखने को कहा गया है।
सेक्टर अफसर करेंगे क्षेत्र का निरीक्षण
नियुक्त किए जाने वाले सेक्टर ऑफिसर और सेक्टर पुलिस ऑफिसर अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे। उन्हें पिछले लोकसभा और विधानसभा चुनावों से संबंधित जानकारी के आधार पर संवेदनशील क्षेत्रों की स्थिति का आकलन करना होगा। इसमें आपराधिक मामलों, चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन, हिंसा, पुनर्मतदान और जब्ती जैसी चुनाव से जुड़ी जानकारियों को भी ध्यान में रखा जाएगा।
निर्वाचन आयोग की ओर से जिलों को सभी तैयारियां निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी विधानसभा चुनाव की प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाया जा सके।