प्रयागराज में सियासी भूचाल: सपा विधायक हाकिम लाल बिंद पर FIR, 22 दिनों में दो भाइयों की मौत से जुड़ा मामला
जिले की हंडिया विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक Hakim Lal Bind पर हत्या के मामले में एफआईआर दर्ज होने से राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। विधायक के साथ उनकी रिश्तेदार गायिका समेत अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है।
यह पूरा मामला 22 दिनों के भीतर एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की संदिग्ध मौत से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पहले एक भाई का शव घर के पास पेड़ से फंदे पर लटका मिला था, जबकि कुछ दिनों बाद दूसरे भाई का शव भी घर के पास टिन शेड से लटका हुआ पाया गया था। दोनों घटनाओं के बाद इलाके में तनाव और सनसनी फैल गई थी।
परिजनों ने इन मौतों को सामान्य आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। इसी आधार पर पुलिस ने अब एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हंडिया थाना पुलिस के अनुसार, मुकदमे में हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं लगाई गई हैं और सभी नामजद आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
इसी बीच आरोप है कि विधायक पक्ष पर करीब दो करोड़ रुपये की जमीन कब्जाने का भी आरोप लगाया गया है, जिससे मामला और अधिक संवेदनशील हो गया है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।