कौशांबी में ओवरलोड वाहनों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 ट्रैक्टर सीज
कौशांबी पुलिस ने देर रात ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। इस दौरान बालू, ईंट, पत्थर और सवारियां ले जा रहे कुल सात ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर जिले के विभिन्न थानों की पुलिस टीमों द्वारा यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन पर सख्ती दिखाई गई।
जानकारी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना और अवैध परिवहन पर रोक लगाना है। ओवरलोड वाहनों के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाओं और सड़क क्षति की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिसे देखते हुए यह कदम उठाया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सभी सीज किए गए वाहनों को नियमानुसार थानों में रखा गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।