×

‘ज्यादा पैसे वालों को हो जाती है दसों बीमारी… योगी के चिकित्सा शिक्षा मंत्री का गजब का ज्ञान

 

उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले में महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज पहुंचे प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने आधुनिकता पर निशाना साधा। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने डॉक्टरों को संबोधित करते हुए कहा कि आज हम जो खाना खा रहे हैं, वह हानिकारक है। हम डी.ए.पी., यूरिया और कीटनाशकों से भरपूर भोजन खा रहे हैं। जिसके कारण हमारा स्वास्थ्य ख़राब हो रहा है।

मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि चालीस-पचास साल पहले हम नीम की लकड़ी से दांत साफ करते थे। जब पश्चिमी सभ्यता आई तो हमने उसे छोड़ दिया, लेकिन आज हम फिर से उसकी ओर लौट रहे हैं। मयंकेश्वर शरण सिंह ने कहा कि ज्यादा पैसे का क्या करोगे, जिनके पास ज्यादा पैसा है उन्हें डायबिटीज और बीपी जैसी बीमारियां होती हैं। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह अंबेडकर नगर मेडिकल कॉलेज में एक कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

सी-एआरएम मशीन की स्थापना
इस मेडिकेयर कॉलेज ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में जिले को एक बड़ी सौगात दी है। महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज में सी-एआरएम मशीन स्थापित कर दी गई है। जिसका उद्घाटन सोमवार को चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने किया। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आभास कुमार के प्रयासों से ये मशीनें उपलब्ध हो पाई हैं। सर्जरी विभाग में इन मशीनों के आने से मरीजों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलेगी।

ऑर्थो मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
पथरी और आर्थोपेडिक सर्जरी में सी-एआरएम मशीन से मरीजों को काफी लाभ मिलेगा। डॉक्टर अब स्क्रीन देखकर मरीजों का ऑपरेशन कर सकेंगे। राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह का इमरजेंसी गेट पर स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने वाटर कूलर और आईसीयू वार्ड का भी उद्घाटन किया। मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम हॉल में भी एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री ने कहा कि आज के युग में लोगों की रुचि पैसे में ज्यादा है।

मंत्री ने मेडिकल कॉलेज की सराहना की
जिनके पास अधिक धन है, उन्हें दस बीमारियाँ होती हैं। इस दौरान मंत्री ने मेडिकल कॉलेज व्यवस्था की भी सराहना की। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आभास कुमार ने कहा कि नई तकनीक से मरीजों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। प्राचार्य ने कहा कि सरकारी योजनाओं का क्रियान्वयन हमारी प्राथमिकता है और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में उप प्राचार्य डॉ. उमेश वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष त्रयम्बक तिवारी सहित मेडिकल कॉलेज के तमाम डॉक्टर, कर्मचारी व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।