नेपाल सीमा पर 350 से अधिक अवैध धार्मिक ढाँचे हटाए गए
लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार को कहा कि हाल के दिनों में मदरसों, मस्जिदों, मजारों और ईदगाहों सहित 350 से अधिक अनधिकृत धार्मिक स्थलों की पहचान की गई है और उन्हें सील या ध्वस्त किया गया है। यहां जारी एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देश पर कि किसी भी धार्मिक अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, पीलीभीत, श्रावस्ती, बलरामपुर, बहराइच, सिद्धार्थनगर और महाराजगंज जैसे जिलों में प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया है। अधिकारियों ने व्यवस्थित रूप से अवैध संरचनाओं की पहचान की है और सख्त कार्रवाई की है, रविवार को भी अभियान जारी रहा। बयान में कहा गया कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी धर्म के नाम पर अतिक्रमण की अनुमति नहीं दी जाएगी और सभी उल्लंघनकर्ताओं, विशेष रूप से गैर-मान्यता प्राप्त धार्मिक संस्थान चलाने वालों को कानूनी परिणाम भुगतने होंगे। 10 और 11 मई को श्रावस्ती में सार्वजनिक और निजी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित 104 मदरसे, एक मस्जिद, पांच मजार और दो ईदगाह की पहचान की गई। सभी को नोटिस जारी कर सील कर दिया गया। बयान में कहा गया कि सार्वजनिक भूमि पर एक अवैध मदरसा ध्वस्त कर दिया गया और निजी भूमि पर दो गैर-मान्यता प्राप्त मदरसों को सील कर दिया गया। बहराइच में अधिकारियों ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित 13 मदरसे, आठ मस्जिद, दो मजार और एक ईदगाह की पहचान की। बयान में कहा गया कि नोटिस जारी करने के बाद पांच को सील कर दिया गया और 11 को ध्वस्त कर दिया गया, जिनमें आठ मदरसे, दो मस्जिद और एक मजार शामिल हैं।