×

सहारनपुर मस्जिद तोड़फोड़ मामले में विपक्षी नेताओं को रोका गया, सपा विधायक अतुल प्रधान और AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान डिटेन

 

सहारनपुर में मस्जिद तोड़फोड़ के मामले को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे विपक्षी नेताओं को पुलिस ने मेरठ में ही रोक दिया है। पुलिस ने समाजवादी पार्टी के विधायक अतुल प्रधान और AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान को उनके घरों पर ही डिटेन कर लिया। दोनों नेताओं के आवास पर रात से ही पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। जानकारी के मुताबिक, विपक्षी नेता सहारनपुर पहुंचकर मामले को लेकर प्रदर्शन और पीड़ित पक्ष से मुलाकात करने की तैयारी में थे। इसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने एहतियात के तौर पर कार्रवाई करते हुए नेताओं को आगे जाने से रोक दिया।

रात से ही घरों पर तैनात थी पुलिस

बताया जा रहा है कि मेरठ में सपा विधायक अतुल प्रधान और AIMIM नेता शादाब चौहान के आवास पर देर रात से ही पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए थे। सोमवार सुबह पुलिस टीम ने दोनों नेताओं को बाहर जाने से रोक दिया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सहारनपुर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। प्रशासन किसी भी तरह की स्थिति बिगड़ने से रोकने के लिए सतर्कता बरत रहा है।

सहारनपुर जाने की थी तैयारी

सपा विधायक अतुल प्रधान और शादाब चौहान ने सहारनपुर पहुंचकर मस्जिद तोड़फोड़ मामले में जानकारी लेने और विरोध दर्ज कराने की बात कही थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें मेरठ से आगे बढ़ने की अनुमति नहीं दी।विपक्षी नेताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई का विरोध किया है। उनका कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने और प्रभावित लोगों से मिलने से रोका जा रहा है।

प्रशासन ने बढ़ाई सुरक्षा व्यवस्था

सहारनपुर मामले को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और किसी भी तरह की अफवाह या तनाव फैलाने वाली गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।फिलहाल सहारनपुर जाने वाले नेताओं को रोके जाने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विपक्षी दलों की ओर से कार्रवाई पर सवाल उठाए जा रहे हैं, जबकि प्रशासन इसे एहतियाती कदम बता रहा है।