सोनभद्र में NCL अधिकारी की सिर कटी लाश मिली, रेलवे ट्रैक के पास पड़ा था शव; मोबाइल गायब होने से बढ़ा शक
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) के एक अधिकारी की सिर कटी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रजत प्रताप सिंह के रूप में हुई है। उनका शव मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में CETI कॉलोनी के पास रेलवे फाटक से करीब 25 मीटर की दूरी पर मिला। शव से कुछ दूरी पर उनका सिर भी पड़ा हुआ था। घटनास्थल से अधिकारी का मोबाइल फोन गायब है।
रजत प्रताप सिंह NCL की झिंगुरदह परियोजना में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर तैनात थे। वह परियोजना क्षेत्र में ही रहते थे। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने रेलवे ट्रैक के पास शव देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मोरवा थाना पुलिस ने मृतक की पहचान कर परिजनों को जानकारी दी।
मोबाइल फोन की तलाश में जुटी पुलिस
घटनास्थल से रजत का मोबाइल फोन नहीं मिलने को पुलिस जांच की अहम कड़ी मान रही है। पुलिस मोबाइल की तलाश कर रही है। इसके साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) खंगालकर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले उन्होंने किन लोगों से बातचीत की थी और उनकी आखिरी गतिविधियां क्या थीं।
पुलिस हत्या और ट्रेन हादसे समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि रजत रेलवे ट्रैक तक किन परिस्थितियों में पहुंचे थे।
IIT कानपुर से की थी पढ़ाई
रजत प्रताप सिंह ने IIT कानपुर से पढ़ाई की थी। परिजनों के मुताबिक, पढ़ाई के दौरान उन्होंने प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया था। वर्ष 2018 में कोल इंडिया लिमिटेड में नौकरी मिलने के बाद वह NCL में असिस्टेंट मैनेजर बने थे।
रजत की मौत से परिवार में मातम पसरा है। घर में उनकी शादी की बातचीत भी चल रही थी। परिजनों के पहुंचने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और मोबाइल फोन की जांच से मौत की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है।