यूपी में मानसून का कहर: 69 शहरों में भारी बारिश का अलर्ट, फुटेज में denkhe अस्पताल में घुसा पानी; नदियां उफान पर, 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा
उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में जनजीवन प्रभावित होने लगा है। सोमवार सुबह से राजधानी लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली समेत करीब 20 शहरों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 69 शहरों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।रविवार रात करीब 10:30 बजे लखनऊ और कानपुर में शुरू हुई रिमझिम बारिश सोमवार सुबह तक जारी रही। लगातार बारिश से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
फिरोजाबाद के सरकारी अस्पताल में घुसा पानी
बारिश का सबसे ज्यादा असर फिरोजाबाद में देखने को मिला, जहां भारी जलभराव के कारण सरकारी अस्पताल परिसर में पानी भर गया। अस्पताल के वार्ड और गलियारों तक पानी पहुंचने से मरीजों और तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी अपने जूते हाथ में लेकर घुटनों तक भरे पानी में चलते नजर आए। यह तस्वीरें शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।
शामली में नहर टूटी, गांवों में घुसा पानी
शामली जिले में लगातार बारिश के बीच एक नहर टूट गई, जिससे आसपास के इलाकों में पानी फैल गया। नहर के किनारे बनी सड़क का करीब 10 फीट हिस्सा धंस गया, जिससे आवागमन प्रभावित हो गया।नहर का पानी कई गांवों में घुस गया और कई बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो गई। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेना शुरू कर दिया है।
वाराणसी और प्रयागराज में गंगा उफान पर
उत्तराखंड और पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर प्रदेश की नदियों पर भी दिखाई देने लगा है। वाराणसी और प्रयागराज में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है।वाराणसी में दशाश्वमेध घाट से लेकर पंचगंगा घाट तक कई घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब गई हैं। वहीं, प्रसिद्ध रत्नेश्वर महादेव मंदिर सहित लगभग 40 छोटे मंदिरों में पानी भर गया है, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है।
100 गांवों पर बाढ़ का खतरा
बलिया जिले में सरयू नदी और लखीमपुर खीरी में शारदा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। प्रशासन के अनुसार, इन इलाकों के करीब 100 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।बाढ़ की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और जरूरत पड़ने पर राहत एवं बचाव कार्य के लिए टीमें तैयार रखी गई हैं।
300 साल पुराना मंदिर बारिश में ढहा
संतकबीरनगर जिले में लगातार बारिश के बीच एक दुखद घटना भी सामने आई। यहां करीब 300 साल पुराना बाबा बैजूनाथ मंदिर बारिश के कारण ढह गया। हालांकि, प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के समय मंदिर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी किनारों और कमजोर भवनों से दूर रहें तथा मौसम विभाग की सलाह का पालन करें। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए राहत और बचाव दलों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।