×

UP में मानसून की रफ्तार तेज, 30 शहरों में बारिश; 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 

उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मंगलवार सुबह से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। वाराणसी, चंदौली और मुरादाबाद समेत 30 शहरों में रुक-रुककर बारिश दर्ज की गई। बारिश के चलते कई जगहों पर जलभराव की स्थिति बन गई है। वाराणसी में सीढ़ियों से बारिश का पानी झरने की तरह बहता नजर आया, जबकि फतेहपुर और मुरादाबाद में सड़कों पर पानी भर गया।

सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सभी 75 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें से 8 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।प्रशासन ने भी बारिश को देखते हुए संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

कई इलाकों में जलभराव से परेशानी

लगातार हो रही बारिश के कारण निचले इलाकों में पानी भरने लगा है। सड़कों पर जलभराव के चलते लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।कई शहरों में नगर निकायों की टीमें जल निकासी व्यवस्था में जुटी हैं।

किसानों के लिए राहत की खबर

मानसून की सक्रियता से किसानों को राहत मिली है। बारिश से खरीफ फसलों की बुवाई और कृषि कार्यों को फायदा मिलने की उम्मीद है।मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।