मेरठ के चर्चित सांप कांड में बड़ा फैसला, पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप दोषी करार
मेरठ के चर्चित सांप कांड में बुधवार को कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने अमित कश्यप हत्याकांड में उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को दोषी करार दिया है। अमरदीप, अमित कश्यप का दोस्त था। आरोप है कि अमित को रविता और अमरदीप के प्रेम संबंधों की भनक लग गई थी, जिसके बाद उसकी हत्या की साजिश रची गई।
मामले के अनुसार, अमित कश्यप की हत्या के बाद वारदात को इस तरह अंजाम दिया गया कि पुलिस और लोगों को गुमराह किया जा सके। हत्या के बाद शव के नीचे सांप छोड़ दिया गया था। शुरुआती तौर पर इसे सांप के काटने से हुई मौत का मामला दिखाने की कोशिश की गई।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को हत्या से जुड़े कई अहम सुराग मिले। इसके बाद रविता और अमरदीप पर शक गहराता गया। जांच में कथित तौर पर दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात भी सामने आई। पुलिस ने हत्या की साजिश और घटनाक्रम से जुड़े सबूत जुटाए, जिसके आधार पर मामला अदालत तक पहुंचा।
अमित की मौत के बाद सांप कांड ने पूरे मेरठ में सनसनी फैला दी थी। शव के नीचे सांप मिलने की वजह से शुरुआती जांच में मामला बेहद रहस्यमय नजर आया था। हालांकि, पुलिस जांच में धीरे-धीरे इस मामले की परतें खुलती गईं।
अब अदालत ने रविता और अमरदीप को हत्या के मामले में दोषी करार दिया है। कोर्ट के इस फैसले के बाद अब दोनों को क्या सजा सुनाई जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। फैसले के बाद पीड़ित परिवार को लंबे समय से चल रहे मामले में न्याय की उम्मीद जगी है।