×

बाराबंकी के CHC परिसर में भीषण आग, 13 एंबुलेंस जलकर खाक

 

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी Barabanki जिले के जैदपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में रविवार दोपहर अचानक भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप ले लिया और परिसर में खड़ी कई एंबुलेंस इसकी चपेट में आ गईं।

इस घटना में करीब 13 एंबुलेंस पूरी तरह जलकर खाक हो गईं, जबकि समय रहते त्वरित कार्रवाई के चलते लगभग 30 एंबुलेंस को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

हालांकि आग लगने के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।