नोएडा की 4 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग, फुटेज में देंखे 2 लोगों की जिंदा जलकर मौत; ई-स्कूटी में धमाके से हादसे की आशंका
उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। सेक्टर-66 के ममूरा इलाके में स्थित चार मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में भीषण आग लगने से दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि एक बच्चा और एक युवती गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बेसमेंट में चार्ज हो रही ई-स्कूटी में धमाके की आशंका
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बिल्डिंग के बेसमेंट में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान उसमें अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई। कुछ ही मिनटों में आग ने बेसमेंट से पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।आग इतनी भीषण थी कि बेसमेंट में खड़ी 30 से 40 मोटरसाइकिलें जलकर राख हो गईं। पूरे परिसर में घना धुआं भर गया, जिससे ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया।
सीढ़ियों के सहारे बचाई गई दर्जनों लोगों की जान
धुआं उठता देख आसपास के सैकड़ों लोग सड़क पर जमा हो गए। बिल्डिंग की निचली मंजिलों पर मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन ऊपरी मंजिलों पर रहने वाले कई परिवार अंदर ही फंस गए।सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हालांकि, ममूरा की संकरी गलियों और भारी भीड़ के कारण दमकल वाहन सीधे बिल्डिंग तक नहीं पहुंच सके। ऐसे में फायर कर्मियों को सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी कर लंबी पाइपलाइन के जरिए आग बुझाने का अभियान चलाना पड़ा।करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। इस दौरान फायर ब्रिगेड ने सीढ़ियों और रेस्क्यू उपकरणों की मदद से करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला।
घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में गंभीर रूप से झुलसे एक बच्चे और एक युवती को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, आग में झुलसने से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान और हादसे के समय उनकी स्थिति की जांच की जा रही है।
भीड़भाड़ वाला इलाका, बड़ी संख्या में रहते हैं नौकरीपेशा लोग
जिस बिल्डिंग में आग लगी, उसमें करीब 50 कमरे बने हुए थे। सेक्टर-66 का ममूरा इलाका घनी आबादी वाला क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में नौकरीपेशा लोग अपने परिवारों के साथ किराए पर रहते हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जांच में जुटी पुलिस और प्रशासन
पुलिस और अग्निशमन विभाग हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कर रहे हैं। शुरुआती जांच में ई-स्कूटी की बैटरी में विस्फोट की आशंका जताई गई है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष फोरेंसिक और तकनीकी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को चार्ज करते समय सुरक्षा मानकों का पालन करें और रिहायशी इमारतों के बेसमेंट में चार्जिंग के दौरान विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।