गाजियाबाद में हॉर्न बजाने पर युवक की गोली मारकर हत्या, वीडियो में देंखे छोटे भाई के सामने बरसाईं गोलियां; मोबाइल ने बचाई एक जानलेवा गोली
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में मामूली कहासुनी ने खूनी रूप ले लिया। लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र की रतिराम कॉलोनी में बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका छोटा भाई भी गोली लगने से घायल हो गया। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि इलाज के दौरान बड़े भाई की मौत हो गई।
घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। मृतक की पहचान विपिन कुमार के रूप में हुई है, जो रतिराम कॉलोनी का रहने वाला था और दिल्ली के शाहदरा स्थित एक फैक्ट्री में काम करता था।
नहर पुलिया से लौटते समय हुआ विवाद
पुलिस और परिजनों के अनुसार, रविवार रात पड़ोसी पवन के घर एक पार्टी आयोजित की गई थी, जिसमें उसके रिश्तेदार शामिल हुए थे। पार्टी समाप्त होने के बाद विपिन अपने छोटे भाई गौरव के साथ कुछ रिश्तेदारों को पास की नहर पुलिया तक छोड़ने गया था।
गौरव ने बताया कि लौटते समय रास्ते में मोहल्ले के रहने वाले सोनू से बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों भाइयों पर फायरिंग कर दी।
पहली गोली भाई के हाथ में, दूसरी विपिन के पेट में लगी
गौरव के मुताबिक, फायरिंग के दौरान पहली गोली उसके हाथ में लगी। इसके बाद आरोपियों ने विपिन पर दो गोलियां चलाईं। एक गोली विपिन की जेब में रखे मोबाइल फोन से टकरा गई, जिससे उसका असर कम हुआ, लेकिन दूसरी गोली उसके पेट में जा लगी।
घटना के बाद परिजन गंभीर रूप से घायल विपिन को तुरंत दिल्ली के गुरु तेग बहादुर (GTB) अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
फैक्ट्री में करता था नौकरी
मृतक विपिन शाहदरा स्थित एक फैक्ट्री में कार्यरत था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवाद की शुरुआत बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर हुई थी, जिसके बाद फायरिंग की घटना हुई। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मामूली विवाद बना हत्या की वजह
हॉर्न बजाने जैसी छोटी-सी बात पर हुई यह वारदात एक बार फिर बढ़ती आपराधिक प्रवृत्ति और मामूली विवादों में हिंसा की घटनाओं पर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और उन्हें जल्द पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।