×

कानपुर में स्वाइन फ्लू से युवक की मौत, जांच में एच1एन1 की हुई थी पुष्टि

 

उत्तर प्रदेश के कानपुर में स्वाइन फ्लू से एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। निजी पैथोलॉजी की जांच रिपोर्ट में युवक के एच1एन1 वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ती चली गई और उसकी मौत हो गई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. हरिदत्त नेमी के अनुसार, मरीज को स्वाइन फ्लू के साथ गंभीर निमोनिया भी था। संक्रमण बढ़ने के कारण उसके फेफड़े पूरी तरह प्रभावित हो गए थे और उन्होंने काम करना बंद कर दिया था। इसी वजह से युवक की जान चली गई।

स्वास्थ्य विभाग ने मामले के बाद सतर्कता बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखने पर समय पर जांच और इलाज जरूरी है। खासतौर पर बुखार, खांसी, सांस लेने में परेशानी और कमजोरी जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोगों से अपील की गई है कि संक्रमण से बचाव के लिए सावधानी बरतें और किसी भी गंभीर लक्षण की स्थिति में तुरंत चिकित्सकीय सलाह लें।