फर्रुखाबाद में बड़ा हादसा: छिपकली गिरी तोरई की सब्जी खाने से एक ही परिवार के 6 सदस्य बीमार
जनपद के मऊदरवाजा थाना क्षेत्र स्थित कुबेरपुर घाट गांव में एक ही परिवार के छह सदस्य खाना खाने के बाद अचानक बीमार पड़ गए। बताया जा रहा है कि परिवार ने तोरई की सब्जी का सेवन किया था, जिसमें कथित रूप से छिपकली गिर गई थी।
घटना के बाद परिवार के सभी सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी बीमार लोगों को देर रात लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। परिजनों के अनुसार, खाना खाने के कुछ समय बाद ही सभी को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द जैसी शिकायतें होने लगीं। स्थिति बिगड़ते देख उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, सभी मरीजों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है। डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि यह मामला फूड पॉइजनिंग का हो सकता है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है और परिवार के संपर्क में रहकर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।