बाराबंकी में कार सर्विस सेंटर पर बड़ा हादसा, सर्विसिंग के दौरान कार में लगी आग
फतेहपुर नगर स्थित एक कार सर्विस सेंटर में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सर्विसिंग के दौरान एक कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार पूरी तरह आग की चपेट में आ गई।
जानकारी के अनुसार, जैसे ही कार में धुआं उठता देखा गया, कर्मचारियों ने तुरंत सतर्कता दिखाई और निजी अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की मदद से भी आग बुझाने का प्रयास किया गया।
काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। अगर समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आसपास खड़ी अन्य गाड़ियों और सर्विस सेंटर को भी भारी नुकसान हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन सर्विस सेंटर में मौजूद वाहन को काफी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।