झोपड़ी में सो रहे शख्स को उठा ले गया तेंदुआ, 100 मीटर दूर मिला अधखाया शव
उत्तर प्रदेश के बहराइच में तेंदुए के हमले में 43 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। तेंदुआ रात के समय सरयू नहर के किनारे बनी झोपड़ी में सो रहे व्यक्ति को उठाकर ले गया। सुबह उसका अधखाया शव झोपड़ी से करीब 100 मीटर दूर गन्ने के खेत में मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों में तेंदुए को लेकर डर का माहौल है।
यह घटना जिले के कतरनियाघाट वन क्षेत्र के सुजौली थाना इलाके की ग्राम पंचायत चफरिया के ओरी पुरवा की है। मृतक की पहचान जयराम पुत्र जमुना (43) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, जयराम सरयू नहर के किनारे बनी फूंस की झोपड़ी में सो रहे थे। इसी दौरान रात में तेंदुआ वहां पहुंचा और उन पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ जयराम को झोपड़ी से खींचकर अपने साथ ले गया। परिजनों और ग्रामीणों को घटना की जानकारी सुबह हुई। जब उनकी तलाश शुरू की गई तो झोपड़ी से करीब 100 मीटर की दूरी पर गन्ने के खेत में उनका शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर ग्रामीणों के होश उड़ गए।
गन्ने के खेत में मिला अधखाया शव
सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जयराम का शव देखा। इसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने घटनास्थल का जायजा लिया। तेंदुए के हमले में व्यक्ति की मौत की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भी भय का माहौल बन गया।
ग्रामीणों में तेंदुए की दहशत
घटना के बाद ग्रामीणों में वन्यजीवों के हमले को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों को डर है कि तेंदुआ दोबारा आबादी वाले इलाके में आ सकता है। खासकर खेतों और झोपड़ियों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग है कि वन विभाग इलाके में तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखे और उसे पकड़ने के लिए जरूरी कदम उठाए। साथ ही लोगों को रात के समय अकेले बाहर नहीं निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह देने की जरूरत है।
फिलहाल, इस घटना ने कतरनियाघाट इलाके में मानव और वन्यजीव संघर्ष की गंभीरता को एक बार फिर सामने ला दिया है।