☰
×

कन्नौज में पिकनिक से लौट रही स्कूल बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 4 बच्चों की मौत; 25 घायल

 

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में मंगलवार सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पिकनिक से लौट रही स्कूली बच्चों से भरी बस को पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे और स्कूल स्टाफ के सदस्य शामिल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए।

हादसा सुबह करीब 6 बजे ठठिया थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 210 के पास हुआ। बस कौशांबी जिले के ओरिएंटल पब्लिक स्कूल की थी। इसमें करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक सवार थे। सभी बच्चे आगरा और मथुरा के शैक्षणिक एवं मनोरंजक भ्रमण के बाद वापस कौशांबी लौट रहे थे।

बच्चों को टॉयलेट कराने के लिए रोकी थी बस

जानकारी के मुताबिक, बच्चे तीन दिवसीय पिकनिक और शैक्षणिक भ्रमण पर गए थे। वापसी के दौरान सुबह करीब 6 बजे बस को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे रोका गया था। बच्चों को टॉयलेट जाना था, इसलिए चालक ने बस खड़ी की थी।

इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे आलू से लदे ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस में चीख-पुकार मच गई। कई बच्चे सीटों के बीच फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चार बच्चों की मौत, घायलों को अस्पताल पहुंचाया

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एक्सप्रेसवे सुरक्षा कर्मी और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहगीरों की मदद से बचाव अभियान चलाया गया। बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से तिर्वा स्थित मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने चार बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए कानपुर रेफर करने की तैयारी की गई।

डीएम और एसपी पहुंचे अस्पताल

हादसे की जानकारी मिलने के बाद जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मेडिकल कॉलेज पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सुरक्षित बचे बच्चों और स्कूल स्टाफ को दूसरे वाहनों से उनके घर भेजने की व्यवस्था की गई।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि ट्रक चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ और खड़ी बस से टकरा गया। हालांकि, हादसे की असली वजह की पुष्टि जांच के बाद ही होगी। इस घटना से बच्चों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है।