वाराणसी में हाई वोल्टेज ड्रामा: बिजली के टावर पर चढ़ा युवक, खुद पुलिस को दी सूचना; समझाने के बाद उतारा गया
उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में गुरुवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक बिजली के टावर पर चढ़ गया। घटना बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरपुर गांव की है। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई। हैरानी की बात यह रही कि युवक ने खुद ही पुलिस को फोन कर अपने टावर पर चढ़ने की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही बड़ागांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। करीब आधे घंटे तक पुलिसकर्मियों ने युवक से बातचीत कर उसे समझाया, जिसके बाद वह नीचे उतरने के लिए तैयार हुआ।
टावर पर चढ़कर पुलिस को किया फोन
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम हरपुर गांव में एक युवक अचानक बिजली के टावर पर चढ़ गया। युवक को ऊंचाई पर देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोग उसे नीचे उतरने के लिए कहने लगे, लेकिन युवक टावर पर ही बैठा रहा।
इसके बाद युवक ने खुद पुलिस को कॉल कर बताया कि वह बिजली के टावर पर चढ़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और तत्काल मौके पर पहुंच गई।
पुलिस ने बातचीत कर युवक को मनाया
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक से बातचीत शुरू की। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक उसे समझाया और नीचे उतरने की अपील की। करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद युवक पुलिस की बात मान गया और धीरे-धीरे टावर से नीचे उतर आया।
युवक के सुरक्षित नीचे आने के बाद पुलिस और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
युवक के टावर पर चढ़ने की वजह की जा रही जांच
फिलहाल पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है कि आखिर वह बिजली के टावर पर क्यों चढ़ा था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि युवक किसी तनाव या परेशानी की वजह से ऐसा कदम उठाया था या इसके पीछे कोई अन्य कारण था।
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते पुलिस पहुंच गई, जिससे कोई बड़ा हादसा होने से बच गया। वहीं, पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचना दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।