☰
×

यूपी पुलिस दरोगा भर्ती पर हाईकोर्ट की रोक, नियुक्ति पत्र जारी करने पर अंतरिम रोक; 5 अक्टूबर को अगली सुनवाई

 

उत्तर प्रदेश पुलिस में सब इंस्पेक्टर यानी दरोगा भर्ती 2025 को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस भर्ती के तहत चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी करने पर फिलहाल अंतरिम रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाने की तैयारी चल रही थी, लेकिन कोर्ट के आदेश के बाद इस प्रक्रिया पर फिलहाल ब्रेक लग गया है। मामले में अगली सुनवाई 5 अक्टूबर को होगी।

4543 पदों पर होनी है भर्ती

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से उप निरीक्षक नागरिक पुलिस और समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती 2025 का विज्ञापन 12 अगस्त 2025 को जारी किया गया था। इस भर्ती के लिए करीब 15.75 लाख आवेदन प्राप्त हुए थे। लिखित परीक्षा 14 और 15 मार्च 2026 को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 10.77 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। भर्ती के तहत कुल 4543 सब इंस्पेक्टर पदों पर नियुक्तियां होनी हैं।

7 मई को जारी हुआ था लिखित परीक्षा का परिणाम

लिखित परीक्षा का परिणाम 7 मई 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ी और अंतिम परिणाम 14 जुलाई को जारी किया गया। नियुक्ति पत्र वितरण की तैयारी भी शुरू कर दी गई थी। इसी बीच कुछ अभ्यर्थियों की ओर से परीक्षा में बदले गए प्रश्नों और उत्तरों को लेकर आपत्तियां उठाते हुए हाईकोर्ट में याचिकाएं दाखिल की गईं।

किन याचिकाओं पर हुई सुनवाई

मामले की सुनवाई न्यायमूर्ति अनीस कुमार गुप्ता की एकल पीठ में हुई। श्याम सुंदर, कमलेश यादव और अन्य तथा यश पांडेय और 44 अन्य की ओर से दाखिल याचिकाओं पर कोर्ट ने सुनवाई की। याचिकाकर्ताओं की ओर से परीक्षा में प्रश्नों और उत्तरों में किए गए बदलाव को लेकर आपत्तियां उठाई गई थीं।

5 अक्टूबर को होगी अगली सुनवाई

हाईकोर्ट ने फिलहाल नियुक्ति पत्र जारी करने पर रोक लगा दी है। अब इस मामले में अगली सुनवाई 5 अक्टूबर 2026 को होगी। ऐसे में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति प्रक्रिया फिलहाल कोर्ट के अगले आदेश पर निर्भर रहेगी। अभ्यर्थियों की नजर अब 5 अक्टूबर को होने वाली सुनवाई पर है, जहां भर्ती प्रक्रिया को लेकर आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकती है।