×

लखनऊ में दिल दहला देने वाली वारदात: बड़े भाई ने छोटे भाई की हत्या, परिवार में मचा कोहराम

 

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि यह विवाद घरेलू झगड़े के दौरान शुरू हुआ, जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, घर में माता-पिता के साथ मारपीट का विरोध करने पर छोटे भाई ने बड़े भाई को रोकने की कोशिश की थी। इसी बात से गुस्साए बड़े भाई ने आपा खो दिया और घरेलू गैस सिलेंडर से उसके सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।

हमले में छोटा भाई गंभीर रूप से घायल होकर खून से लथपथ हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी यहीं नहीं रुका और उसने घायल भाई को टांग पकड़कर घसीटा और घर से बाहर सड़क पर फेंक दिया। इस भयावह दृश्य को देखकर आसपास के लोग दहशत में आ गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बड़े भाई की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पारिवारिक विवाद और घरेलू कलह को घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और पड़ोसी भी इस वारदात से स्तब्ध हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी।