×

गोरखपुर में 5.88 करोड़ की चरस बरामद: दो महिलाओं समेत 3 तस्कर गिरफ्तार, अमरनाथ एक्सप्रेस में कर रहे थे सप्लाई

 

डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5.88 करोड़ रुपए कीमत की चरस बरामद की है। मामले में दो महिलाओं समेत तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

बिहार से पंजाब जा रहे थे तीनों

DRI के मुताबिक, तीनों आरोपी अमरनाथ एक्सप्रेस से बिहार से पंजाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान टीम ने ट्रेन में कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके पास से बड़ी मात्रा में चरस बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 5.88 करोड़ रुपए बताई गई है।

महिलाओं ने जांघों के पास छिपाई थी चरस

जांच में सामने आया कि दोनों महिलाओं ने चरस को जांघों के पास छिपाकर रखा था। आरोपियों ने मादक पदार्थ को इस तरह छिपाया था कि सामान्य तलाशी में इसका पता लगाना मुश्किल हो।DRI ने चरस को जब्त कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पंजाब में सप्लाई करने की आशंका

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी बिहार से चरस लेकर पंजाब जा रहे थे। आशंका है कि वहां इसे सप्लाई किया जाना था। DRI अब यह पता लगाने में जुटी है कि मादक पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कौन सा तस्करी नेटवर्क सक्रिय है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। एजेंसी तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।