चलती ट्रेन में लुधियाना की ब्यूटीशियन से GRP जवान ने की मारपीट, सिर से बहने लगा खून; सीट को लेकर हुआ था विवाद
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में जननायक एक्सप्रेस में सीट को लेकर हुआ विवाद मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि ट्रेन में तैनात राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) के जवान ने लुधियाना की रहने वाली एक महिला ब्यूटीशियन के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में वर्दी पहने जवान महिला के साथ हाथापाई करता और उसे जमीन पर गिराकर मारता दिखाई दे रहा है। महिला की बेटियां बीच-बचाव करती नजर आ रही हैं।
जानकारी के अनुसार, महिला की पहचान रूबी के रूप में हुई है। वह बिहार के मोतिहारी से अपनी तीन बेटियों के साथ लुधियाना लौट रही थीं। 18 नवंबर को जननायक एक्सप्रेस के जनरल कोच में सीट को लेकर विवाद शुरू हुआ। बताया जा रहा है कि महिला की तबीयत खराब थी और वह सीट पर लेटी हुई थीं। इसी दौरान एक दूसरी महिला अपने बच्चे के साथ कोच में पहुंची और बैठने के लिए जगह मांगी।
इसी बात को लेकर दोनों महिलाओं के बीच कहासुनी हो गई। विवाद की जानकारी मिलने पर ट्रेन में ड्यूटी कर रहे GRP के दो जवान मौके पर पहुंचे। उन्होंने रूबी से दूसरी महिला को बैठने के लिए जगह देने को कहा। इसके बाद विवाद और बढ़ गया।
वायरल वीडियो में महिला के साथ मारपीट
सोशल मीडिया पर वायरल करीब एक मिनट 13 सेकेंड के वीडियो में एक GRP जवान महिला के साथ मारपीट करता दिखाई दे रहा है। वीडियो में महिला की बेटियां अपनी मां को बचाने की कोशिश करती हैं। इस दौरान महिला के सिर में चोट लगने और खून निकलने की बात भी सामने आई है।
महिला का आरोप है कि जवानों ने उनके साथ मारपीट की और बाद में उन्हें नजीबाबाद स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया गया। उन्होंने दावा किया कि उन्हें रातभर थाने में बैठाकर रखा गया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उनका बैग ट्रेन में ही छूट गया, जिसमें नकदी और गहने रखे थे।
GRP ने भी दर्ज कराया मुकदमा, दो युवक गिरफ्तार
वहीं, GRP अधिकारियों ने घटना को लेकर अलग पक्ष रखा है। पुलिस के मुताबिक, सीट विवाद के दौरान महिला और उसके साथ मौजूद लोगों ने जवानों के साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान एक जवान की वर्दी फट गई। GRP की शिकायत पर महिला, उसकी तीन बेटियों और दो अन्य लोगों समेत छह यात्रियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
इस मामले में बिहार के रहने वाले दो युवकों चंदन ठाकुर और पिक्कू कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को जेल भेज दिया गया है। GRP अधिकारियों का कहना है कि महिला और उसकी बेटियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
वीडियो सामने आने के बाद जांच की मांग
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद रेलवे पुलिस के व्यवहार और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। महिला ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जवानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, रेलवे अधिकारियों के अनुसार मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े दोनों पक्षों के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।