जयमाला के दौरान विवाद, बीच-बचाव करने पहुंचे दूल्हे के भाई की हत्या
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में मंगलवार शाम शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। जयमाला की रस्म के बीच हुए झगड़े में दूल्हे के चचेरे भाई अश्वनी कुमार (32) की बर्फ तोड़ने वाले सूजे से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई और खुशियां मातम में बदल गईं।
ई-रिक्शा में शराब पीने को लेकर हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को बिजनौर के मखवाड़ा गांव से आकाश की बारात शहर के बकली गांव स्थित हीरा बैंक्वेट हॉल पहुंची थी। शाम करीब 6 बजे जयमाला की रस्म चल रही थी। इसी दौरान बैंक्वेट हॉल के बाहर ई-रिक्शा में बैठे कुछ युवकों से बारात में आए एक युवक की कहासुनी हो गई।बताया जा रहा है कि युवक ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा था। विवाद बढ़ने पर युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिजन और बाराती बीच-बचाव करने पहुंचे तो मामला और बिगड़ गया। इसी दौरान आरोपियों ने अश्वनी पर बर्फ तोड़ने वाले नुकीले सूजे से हमला कर दिया।
गंभीर हालत में अस्पताल ले गए परिजन
हमले में अश्वनी गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना में बीच-बचाव करने आए अन्य लोग भी घायल हुए हैं। अश्वनी एक फाइनेंस कंपनी में काम करते थे। उनके पिता आईटीबीपी में सब-इंस्पेक्टर हैं।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान ई-रिक्शा चालक रवि ने कथित तौर पर अश्वनी पर सूजे से हमला किया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है और मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।इस घटना ने शादी की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया। परिवार में मातम पसरा है और परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।