गर्लफ्रेंड बोली- 7 साल अफेयर, अब शादी से मुकरा: मर्चेंट नेवी में तैनात प्रेमी के घर ढोल-नगाड़ों के साथ बारात लेकर पहुंची युवती, हाथ में था ‘दुल्हन लेकर आई बारात’ का बैनर
उत्तर प्रदेश के शामली जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां सात साल पुराने प्रेम संबंध के बाद युवक पर शादी से मुकरने का आरोप लगाते हुए देहरादून की एक युवती ढोल-नगाड़ों के साथ प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंच गई। युवती अपने साथ मां, बहन और परिवार के अन्य सदस्यों समेत कुल नौ लोगों को लेकर आई थी। सभी के हाथों में एक बैनर था, जिस पर लिखा था- ‘दुल्हन लेकर आई बारात’। युवती का कहना है कि युवक ने उससे शादी का वादा किया था, लेकिन अब वह किसी दूसरी लड़की से शादी करने जा रहा है।
मामला शामली के कांधला क्षेत्र के एलम कस्बे का है। यहां रहने वाला युवक मर्चेंट नेवी में नौकरी करता है, जबकि युवती देहरादून की रहने वाली है और बीएससी की छात्रा है। युवती के अचानक ढोल-नगाड़ों के साथ प्रेमी के घर पहुंचने से परिवार में हड़कंप मच गया। आसपास के लोग भी यह नजारा देखने के लिए जमा हो गए।
प्रेमी की दूसरी शादी की खबर मिली तो पहुंच गई बारात लेकर
युवती के मुताबिक, युवक की बहन उसकी दोस्त थी। उसी के माध्यम से उसकी युवक से पहचान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और प्रेम संबंध बन गए। युवती का दावा है कि दोनों के बीच करीब सात साल से संबंध थे और इस दौरान युवक ने उससे शादी करने का वादा भी किया था।
युवती ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ दिनों से युवक ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसी बीच उसे जानकारी मिली कि युवक का रिश्ता गाजियाबाद की एक युवती से तय हो गया है और 21 नवंबर को उसकी शादी होने वाली है। यह जानकारी मिलने के बाद उसने अपने परिवार को पूरी बात बताई और मां-बहन समेत परिजनों को साथ लेकर एलम पहुंच गई।
बैनर लेकर पहुंची युवती, हाथ में थी वरमाला
युवती और उसके परिजन ढोल-नगाड़ों के साथ युवक के घर पहुंचे। उनके हाथों में ‘दुल्हन लेकर आई बारात’ लिखा बैनर था। युवती अपने साथ वरमाला भी लेकर आई थी। उसने युवक के घर के बाहर शादी की मांग शुरू कर दी।
युवती का कहना था कि जब युवक ने उससे शादी करने का वादा किया था तो अब वह किसी दूसरी लड़की से विवाह कैसे कर सकता है। उसने साफ कहा कि युवक या तो अपना वादा पूरा करके उससे शादी करे या फिर पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई करे।
अचानक इस तरह बारात लेकर युवती के पहुंचने से युवक के परिवार वाले हैरान रह गए। घर के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी।
युवती ने लगाए उत्पीड़न के आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने शादी का भरोसा देकर देहरादून में उसके साथ गलत काम किया। उसने बताया कि जब दोनों के बीच संपर्क बंद हुआ तो वह परेशान हो गई थी। युवती के अनुसार, युवक ने पहले भी शादी का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में फिर बातचीत बंद कर दी।
उसने कहा कि वह अपने रिश्ते को शादी तक पहुंचाना चाहती है और इसी उम्मीद में प्रेमी के घर बारात लेकर पहुंची है।
मौके पर पहुंची पुलिस, दोनों पक्षों से पूछताछ
मामले की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस युवती और उसके परिजनों को चौकी ले गई, जहां दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई गई। अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया है। मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल युवती के आरोपों की जांच की जा रही है। युवक की ओर से इस पूरे मामले पर पक्ष सामने आना बाकी है। घटना के बाद एलम कस्बे में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।