150 करोड़ की संपत्ति के विवाद में बेटे ने पिता को मारी 6 गोलियां, फुटेज में जाने गाजियाबाद में सनसनीखेज हत्या; आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में संपत्ति विवाद को लेकर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां 150 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी के विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बेटे ने बुधवार रात अपने पिता के चेहरे, सीने और पेट में करीब 6 गोलियां मारीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पति का शव देखकर मां चीख पड़ी और बेटे से कहा, "तूने पूरा घर उजाड़ दिया।" वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
शराब पीकर घर आया था बेटा, पिता ने लगाई थी फटकार
यह घटना गाजियाबाद के मोदीनगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी बेटा निखिल बुधवार रात शराब पीकर घर आया था। इस बात को लेकर पिता हरिओम चौधरी ने उसे डांट दिया था।पिता की फटकार से नाराज निखिल का विवाद बढ़ गया। इसके बाद उसने गुस्से में पिस्टल निकाली और पिता पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से हरिओम चौधरी की मौत हो गई।
प्रॉपर्टी अपने नाम कराने का बना रहा था दबाव
पुलिस के अनुसार, हत्या की मुख्य वजह करोड़ों रुपए की संपत्ति का विवाद बताया जा रहा है। निखिल अपने पिता हरिओम चौधरी पर प्रॉपर्टी अपने नाम कराने के लिए लगातार दबाव बना रहा था।हरिओम इसके लिए तैयार नहीं थे। उनका कहना था कि अगर जमीन और संपत्ति बेटे के हाथ लग गई तो वह उसे बेचकर शराब में पैसा बर्बाद कर देगा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।घटना वाली रात भी इसी मुद्दे पर कहासुनी हुई और विवाद इतना बढ़ गया कि निखिल ने अपने पिता की हत्या कर दी।
गोलियों की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी
वारदात के दौरान गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी बेटा वहां से भाग चुका था। पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी।सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।
8 साल पहले छोटे भाई को भी मारी थी गोली
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि निखिल का आपराधिक इतिहास रहा है। करीब 8 साल पहले उसने अपने छोटे भाई नीशू को भी गोली मार दी थी। हालांकि उस हमले में नीशू की जान बच गई थी।पुलिस अब आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और उसके फरार होने के संभावित ठिकानों की जांच कर रही है।
परिवार और इलाके में दहशत का माहौल
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग इस बात से हैरान हैं कि जिस बेटे पर परिवार की जिम्मेदारी थी, उसी ने संपत्ति के लालच में पिता की जान ले ली।फिलहाल पुलिस आरोपी निखिल की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।