×

8 बाइकों के काफिले का वीडियो वायरल: सफाई देने उतरा गैंगस्टर अजय ठाकुर, यूट्यूबरों पर लगाया आरोप

 

जरौली क्षेत्र में 8 बाइकों के काफिले के साथ निकले एक वीडियो के वायरल होने के बाद मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस बीच मंगलवार को कथित गैंगस्टर अजय ठाकुर ने सोशल मीडिया के जरिए इस वायरल वीडियो पर अपनी सफाई पेश की है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और सोशल मीडिया दोनों ही इस मामले को लेकर सक्रिय हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में 8 बाइकों का एक काफिला दिखाई दे रहा था, जिसे लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा था कि यह हाल ही का है और इसमें कथित रूप से गैंगस्टर की मौजूदगी भी देखी गई है। हालांकि अब अजय ठाकुर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर 2 मिनट 46 सेकेंड का एक वीडियो पोस्ट कर सफाई दी है। इस वीडियो में उसने दावा किया है कि वायरल किया गया वीडियो 17 अगस्त 2025 का है और इसे गलत तरीके से अब ताजा घटना के रूप में पेश किया जा रहा है।

गैंगस्टर ने अपनी सफाई में यूट्यूबरों और सोशल मीडिया पेजों पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर उसका नाम बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं। उसने आरोप लगाया कि यूट्यूबर “उसके पीछे हाथ धोकर पड़े हैं” और बिना पुष्टि के वीडियो को वायरल कर रहे हैं।सोशल मीडिया पर यह मामला सामने आने के बाद चर्चा और तेज हो गई है। कई यूजर्स वीडियो की सच्चाई और टाइमलाइन को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग इसे कानून व्यवस्था से जोड़कर देख रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, वायरल वीडियो और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कब और कहां का है तथा इसमें शामिल लोग कौन हैं। यदि किसी प्रकार की कानून व्यवस्था का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित लोगों पर कार्रवाई की जाएगी।स्थानीय स्तर पर इस मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं जारी हैं। सोशल मीडिया पर वायरल कंटेंट और उसकी सत्यता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है।