यूपी में बाढ़-बारिश का कहर: बेतवा का पुल ढहा, सहारनपुर में पानी के तेज बहाव में बहीं दुकानें
उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही तेज बारिश और तूफान ने कई जिलों में भारी तबाही मचा दी है। कहीं पुल ढह गए तो कहीं सड़कें और बाजार जलमग्न हो गए। मौसम के कहर से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित नजर आ रहा है।
हमीरपुर में बेतवा नदी पर बन रहा निर्माणाधीन पुल तेज तूफान और बारिश के बीच भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में कई लोगों की मौत और कई के घायल होने की खबर है। पुल गिरने के बाद राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। प्रशासन और आपदा राहत टीमों को मौके पर तैनात किया गया है।
वहीं सहारनपुर में भारी बारिश के कारण हालात बेहद खराब हो गए। कई इलाकों में जलभराव हो गया और तेज पानी के बहाव में सड़क किनारे बनी दुकानें बह गईं। बाजारों और रिहायशी इलाकों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक तेज आंधी, भारी बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।
बारिश और तेज हवाओं के कारण कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे भी गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य जारी है।
किसानों के लिए भी यह बारिश चिंता का कारण बन गई है। खेतों में पानी भरने से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। वहीं ग्रामीण इलाकों में कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं।
सरकारी अधिकारियों का कहना है कि सभी जिलों में आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। लोगों से अफवाहों से बचने और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।