पहले सिगरेट की दुकान पर मुलाकात, फिर कार में शराब पार्टी और हत्या… ऐसे खुला प्रशांत हत्याकांड
नोएडा में कारोबारी और प्रॉपर्टी डीलर प्रशांत शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, प्रशांत की आरोपियों से पहली मुलाकात सिगरेट की दुकान पर हुई थी। इसके बाद वह उन्हें अपनी कार में बैठाकर पार्टी के लिए निकले। रास्ते में शराब खरीदी गई और कार में ही पार्टी के दौरान विवाद हो गया। पुलिस का दावा है कि इसी विवाद में आरोपियों ने प्रशांत की हत्या कर दी।
सिगरेट की दुकान से शुरू हुई पहचान
पुलिस के अनुसार, 16 सितंबर की रात प्रशांत शर्मा तिकोना पार्क के पास पहुंचे थे। वहां उनकी मुलाकात बिट्टू उर्फ नितिन और निगम ठाकुर से हुई। बातचीत के दौरान दोनों से उनकी पहचान हुई। इसके बाद प्रशांत दोनों को अपनी कार में बैठाकर गौर सिटी की ओर रवाना हुए। रास्ते में शराब खरीदी गई। बाद में नितिन और निगम के दो साथी मोहित और इरफान भी कार में शामिल हो गए।
कार में शराब पार्टी के बाद बिगड़ा मामला
पुलिस के मुताबिक, कार में पांचों ने शराब पी। इसी दौरान किसी बात को लेकर प्रशांत और चारों युवकों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया और चारों आरोपियों ने प्रशांत का गला दबा दिया। इससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, हत्या की परिस्थितियों को लेकर पुलिस की जांच अभी जारी है।
नाले के पास मिला था शव
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद प्रशांत के शव को बिसरख थाना क्षेत्र में एक नाले के पास फेंक दिया गया। 17 सितंबर को वहां एक अज्ञात शव बरामद हुआ था। पहचान से जुड़े दस्तावेज नहीं मिलने के कारण शव की पहचान तत्काल नहीं हो सकी। बाद में प्रशांत के परिवार की ओर से गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई और जांच आगे बढ़ी।
100 से ज्यादा CCTV कैमरों की जांच
प्रशांत के लापता होने के बाद पुलिस ने उनकी गतिविधियों और आने-जाने के रास्तों की जांच शुरू की। गौर सिटी और आसपास के इलाकों में 100 से ज्यादा स्थानों की CCTV फुटेज खंगाली गई। फुटेज में प्रशांत कुछ युवकों के साथ नजर आए, जिसके बाद पुलिस ने उनकी पहचान की दिशा में जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर प्रशांत की कार भी बरामद की गई। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद कार को अलीगढ़ के अकराबाद इलाके में एक पुल के नीचे खड़ा कर दिया गया था। मामले में पुलिस अब वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।