☰
×

बिजली विभाग की महिला कर्मचारी ने अधिशासी अभियंता को ऑफिस में पीटा: फुटेज में जाने महिला का आरोप- केबिन में बुलाकर हाथ पकड़ा, घर का पता पूछा; बोली- सर हैं तो सर की तरह रहें

 

उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बिजली विभाग के कार्यालय में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। यहां एक महिला कर्मचारी ने अपने ही विभाग के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) मनोज कुमार विश्वकर्मा की कार्यालय के अंदर पिटाई कर दी। महिला का आरोप है कि अधिशासी अभियंता ने उसे अपने केबिन में बुलाकर उसका हाथ पकड़ लिया और घर का पता पूछने लगे। इस दौरान महिला ने विरोध करते हुए उनकी पिटाई कर दी। घटना के समय कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारियों ने भी महिला का साथ दिया। अधिशासी अभियंता की पिटाई का वीडियो भी सामने आया है। इसमें वह कहते सुनाई दे रहे हैं कि यह गलत है।

मामला नगर कोतवाली क्षेत्र के विद्युत परीक्षण खंड कार्याल का है। यहां मनोज कुमार विश्वकर्मा अधिशासी अभियंता के पद पर तैनात हैं। इसी कार्यालय में एक महिला कार्यकारी सहायक के पद पर काम करती है। महिला ने मामले में पुलिस को लिखित शिकायत देकर अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

महिला बोली- अक्सर गलत तरीके से घूरते थे

<a style="border: 0px; overflow: hidden" href=https://youtube.com/embed/5fIQkOcJCTk?autoplay=1&mute=1><img src=https://img.youtube.com/vi/5fIQkOcJCTk/hqdefault.jpg alt=""><span><div class="youtube_play"></div></span></a>" style="border: 0px; overflow: hidden;" width="640">

महिला के मुताबिक, उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह किराये का कमरा लेकर अकेली रहती है। उसने आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता मनोज कुमार विश्वकर्मा अक्सर उसे गलत तरीके से घूरते थे। उन्होंने कई बार फोन करके उसे अपने केबिन में बुलाया और वहां बिना किसी काम के व्यक्तिगत बातें करते थे।महिला का आरोप है कि एक बार उन्होंने फोन पर उससे उसके कमरे का पता भी पूछा था। शुक्रवार को भी अधिशासी अभियंता ने उसे अपने चैंबर में बुलाया। वहां बातचीत के दौरान उन्होंने उससे पूछा कि वह उन्हें अपने घर चाय पीने के लिए कब बुला रही है।

घर बुलाने से मना किया तो पकड़ लिया हाथ

महिला के अनुसार, उसने अधिकारी को जवाब दिया कि अगर उन्हें चाय पीनी है तो वह कार्यालय में ही चाय मंगवा देती है। उन्होंने साफ कहा कि वह उन्हें अपने घर नहीं बुलाएंगी।महिला का आरोप है कि इसके बाद अधिशासी अभियंता ने उसका हाथ पकड़कर अपनी तरफ खींच लिया। इससे वह नाराज हो गई और विरोध करते हुए अधिकारी के साथ मारपीट की। महिला ने कहा कि उन्होंने किस अधिकार से उसका हाथ पकड़ा? अगर वह अधिकारी हैं तो उन्हें अपने पद की मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।

पहले भी केबिन में बुलाकर करते थे व्यक्तिगत बातें

महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि अधिशासी अभियंता पहले भी उसे कई बार फोन करके अपने केबिन में बुलाते थे। वहां काम से जुड़ी बातचीत करने के बजाय निजी और बेवजह की बातें करते थे।महिला के मुताबिक, एक बार उन्होंने उसका हाथ पकड़कर कहा था, 'तुम्हारी रेखा बहुत लंबी है, कोई साथ देगा।' महिला ने इसे अनुचित व्यवहार बताते हुए कहा कि वह काफी समय से इस तरह की हरकतों से परेशान थी। शुक्रवार को जब अधिकारी ने दोबारा उसका हाथ पकड़ा तो उसने विरोध किया।

मारपीट का वीडियो आया सामने

घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद किसी व्यक्ति ने अधिशासी अभियंता की पिटाई का वीडियो बना लिया। वीडियो में कार्यालय के अंदर हंगामे की स्थिति दिखाई दे रही है। इस दौरान मनोज कुमार विश्वकर्मा यह कहते सुनाई देते हैं कि यह गलत है। वहीं, कार्यालय में मौजूद अन्य कर्मचारी भी महिला के समर्थन में नजर आते हैं।घटना के बाद महिला ने नगर कोतवाली पुलिस को लिखित शिकायत दी है। उसने अधिशासी अभियंता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल महिला की ओर से लगाए गए आरोपों पर पुलिस की जांच और अधिकारी का पक्ष सामने आना बाकी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।