सहारनपुर PNB करेंसी चेस्ट में 17 करोड़ के नकली नोट मिलने से हड़कंप, वीडियो में जाने 3 अफसर सस्पेंड; RBI की टीम ने शुरू की जांच
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में पंजाब नेशनल बैंक यानी PNB की करेंसी चेस्ट में करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने से हड़कंप मच गया है। बैंक में ऑडिट के दौरान इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने का मामला सामने आया। इसके बाद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया यानी RBI ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे RBI के छह अधिकारी दो गाड़ियों से बैंक पहुंचे। अधिकारियों की टीम कई घंटे तक बैंक के अंदर रही और बैंक कर्मचारियों से पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। मामला सहारनपुर के घंटाघर स्थित PNB शाखा से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि इस शाखा की करेंसी चेस्ट से जयपुर भेजी गई रकम में कमी पाए जाने के बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच आगे बढ़ी तो करेंसी चेस्ट में रखे नोटों को लेकर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक यहां करीब 17 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने की बात सामने आई है।
तीन बैंक अधिकारी सस्पेंड
मामला सामने आने के बाद PNB ने अब तक तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है। इसके साथ ही बैंक अधिकारियों की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। PNB मेरठ के चीफ मैनेजर और जांच अधिकारी अरुण कुमार चौबे की शिकायत पर तीन बैंक अधिकारियों समेत चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।RBI की टीम अब करेंसी चेस्ट में मौजूद रिकॉर्ड, नोटों की गिनती और बैंक कर्मचारियों की भूमिका की जांच कर रही है। अधिकारियों से पूछताछ के साथ यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी संख्या में नकली नोट करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंचे और इस दौरान बैंक की निर्धारित प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं हुआ।
11.50 करोड़ की नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने का काम
जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले घंटाघर स्थित इसी PNB शाखा में पार्टटाइम हाउसकीपर विशाल कुमार को करेंसी चेस्ट में रखे 11.50 करोड़ रुपये के नोटों की गड्डियां व्यवस्थित करने का काम दिया गया था। इन नोटों में गले, कटे और अन्य प्रकार के नोट शामिल थे। बैंक को यह रकम RBI के जयपुर स्थित करेंसी चेस्ट भेजनी थी।तय प्रक्रिया के तहत रकम 5 अगस्त को जयपुर भेजी गई। वहां करेंसी चेस्ट में नोटों की गिनती की गई तो रकम में 4 लाख 30 हजार 900 रुपये की कमी पाई गई। जयपुर करेंसी चेस्ट के अधिकारियों ने इसकी जानकारी मेरठ स्थित PNB के अधिकारियों को दी। इसके बाद बैंक स्तर पर जांच शुरू हुई।
जांच के दौरान करेंसी चेस्ट में रखी नकदी और बैंक रिकॉर्ड का मिलान किया गया। इसी प्रक्रिया में कथित तौर पर बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने की जानकारी सामने आई। मामला करोड़ों रुपये से जुड़ा होने के कारण बैंक प्रबंधन ने इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को दी।
RBI की टीम कर रही जांच
मंगलवार सुबह RBI के छह अधिकारियों के बैंक पहुंचने के बाद जांच और तेज हो गई। टीम ने करेंसी चेस्ट से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच शुरू की है। बैंक कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। अब जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि नकली नोट करेंसी चेस्ट में कब और कैसे पहुंचे और इस पूरी प्रक्रिया में किन लोगों की भूमिका रही।करेंसी चेस्ट में इतनी बड़ी मात्रा में नकली नोट मिलने की खबर सामने आने के बाद बैंकिंग व्यवस्था और सुरक्षा प्रक्रिया पर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल RBI और बैंक की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि इस पूरे मामले में कितने लोग शामिल हैं और करोड़ों रुपये के नकली नोट करेंसी चेस्ट तक पहुंचने की पूरी कहानी क्या है।