आजम खान की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची ईडी को फटकार, वीडियो में CJI बोले- इतनी जल्दी क्या है, कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की अंतरिम जमानत के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) बुधवार को सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। यहां ईडी की जल्द सुनवाई और उनकी रिहाई पर रोक लगाने की मांग पर मुख्य न्यायाधीश ने नाराजगी जताई। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि इतनी जल्दी क्या है, आजम खान को जमानत पर रहने दीजिए, कोई आसमान नहीं टूट पड़ेगा। अदालत ने ईडी की तत्काल सुनवाई और रिहाई पर रोक लगाने की मांग स्वीकार नहीं की।
इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ कर रही थी। ईडी की ओर से अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) एसवी राजू अदालत में पेश हुए। उन्होंने इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेश पर सवाल उठाते हुए कहा कि हाईकोर्ट ने जल्दबाजी में अंतरिम जमानत का आदेश पारित किया है।
ईडी ने कहा- जवाब दाखिल करने का समय नहीं मिला
सुनवाई के दौरान ईडी के वकील एसवी राजू ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मामले में एजेंसी को अपना पूरा जवाब दाखिल करने का पर्याप्त समय नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईकोर्ट का आदेश अंतरिम जमानत का नहीं, बल्कि अंतिम आदेश जैसा था।ईडी ने सुप्रीम कोर्ट से इस मामले पर तुरंत सुनवाई करने की मांग की। एजेंसी का कहना था कि हाईकोर्ट के आदेश को चुनौती देने वाली याचिका पर जल्द विचार किया जाना चाहिए।
रिहाई पर रोक लगाने की मांग भी खारिज
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और जस्टिस जॉयमाल्या बागची की पीठ ने मामले की सुनवाई अगले दिन करने की बात कही। इस पर एएसजी एसवी राजू ने कहा कि तब तक आजम खान की जेल से रिहाई पर रोक लगा दी जाए।उन्होंने दलील दी कि अगर रिहाई पर रोक नहीं लगाई गई तो आजम खान जेल से बाहर आ जाएंगे। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने ईडी की इस मांग को तुरंत खारिज कर दिया।पीठ ने स्पष्ट किया कि मामले की सुनवाई तय समय पर होगी। अदालत की टिप्पणी के बाद फिलहाल आजम खान की अंतरिम जमानत पर रोक लगाने की ईडी की कोशिश सफल नहीं हो सकी।
426 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली जमानत
दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मंगलवार को आजम खान को जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े 426 करोड़ रुपये के कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अंतरिम जमानत दी थी। यह मामला जौहर यूनिवर्सिटी से संबंधित वित्तीय लेनदेन और कथित अनियमितताओं से जुड़ा है।हाईकोर्ट के इस फैसले के बाद आजम खान की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हुआ था। बुधवार को उनकी रिहाई होने की संभावना जताई गई थी।
एक साल बाद जेल से बाहर आ सकते हैं आजम खान
आजम खान करीब एक साल से जेल में बंद हैं। अंतरिम जमानत मिलने के बाद उनके समर्थकों में रिहाई को लेकर उत्साह है। हालांकि, ईडी ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है।अब इस मामले में सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई महत्वपूर्ण होगी। फिलहाल अदालत ने आजम खान की रिहाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया है। ऐसे में उनकी जेल से बाहर आने की संभावना बनी हुई है।