मेरठ में स्विफ्ट से टकराकर तीन बार पलटी ईको कार, 3 की मौत; दो बच्चे गंभीर, ड्राइवर का हाथ कटा
उत्तर प्रदेश के मेरठ में मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। खरखौदा बाईपास के पास तेज रफ्तार स्विफ्ट कार डिवाइडर से टकराने के बाद दूसरी लेन में पहुंच गई और सामने से आ रही ईको कार से भिड़ गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ईको कार सड़क पर तीन बार पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
डिवाइडर से टकराकर दूसरी लेन में पहुंची स्विफ्ट
जानकारी के अनुसार, हादसा मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर खरखौदा बाईपास के पास हुआ। स्विफ्ट कार हापुड़ की ओर से मेरठ आ रही थी। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और सड़क की दूसरी तरफ पहुंचकर सामने से आ रही ईको कार से भिड़ गई। टक्कर के बाद दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। ईको कार तीन बार पलट गई, जिससे उसमें सवार लोगों को गंभीर चोटें आईं।
तीन लोगों की मौत, बच्चे गंभीर
हादसे में ईको कार सवार मोहम्मद साहब, मोमिन और इशरत की मौत हो गई। तीनों मेरठ के भावनपुर थाना क्षेत्र के जई गांव के रहने वाले थे। हादसे में दो बच्चे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। स्विफ्ट कार का चालक अनस भी गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट चालक का हाथ कटकर अलग हो गया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया
दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने राहत और बचाव कार्य में मदद की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। स्विफ्ट चालक को कार से निकालने में स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
परिवार की खुशियां मातम में बदलीं
रिपोर्ट के मुताबिक, ईको कार में सवार परिवार हापुड़ जिले के बझेड़ा कलां गांव में एक परिजन की पत्नी को लेने जा रहा था। परिवार को अंदाजा नहीं था कि रास्ते में ऐसा हादसा हो जाएगा। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।