×

शिवरात्रि पर बाबा औघड़नाथ मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, तड़के से ही लगी कांवड़ियों की लंबी कतारें

 

श्रावण मास की शिवरात्रि पर बाबा औघड़नाथ मंदिर में श्रद्धा और आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हजारों की संख्या में कांवड़िए और शिवभक्त मंदिर पहुंचे और भोलेनाथ का जलाभिषेक किया।

हालांकि तिथिनुसार जलाभिषेक का शुभ मुहूर्त सुबह 4:21 बजे के बाद का था, लेकिन श्रद्धालु रात 3 बजे से ही मंदिर परिसर के बाहर कतारों में लगने लगे। पूरा परिसर 'हर हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा।

सुबह ठीक 4 बजे मंदिर के प्रधान पुजारी श्रीधर त्रिपाठी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ बाबा औघड़नाथ का विशेष पूजन किया। इसके बाद जैसे ही चौदस तिथि आरंभ हुई, जलाभिषेक की प्रक्रिया शुरू हो गई।

मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। सुरक्षा, जल सेवा, स्वास्थ्य सहायता और कांवड़ियों की कतारों को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल और स्वयंसेवकों की तैनाती रही। बाबा औघड़नाथ मंदिर में हर साल शिवरात्रि पर देशभर से कांवड़िए पहुंचते हैं, लेकिन इस बार की भीड़ ने पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।