×

बांके बिहारी मंदिर में सुरक्षाकर्मियों ने श्रद्धालुओं से की हाथापाई, खींचकर परिसर से किया बाहर

 

दुनिया भर में मशहूर बांके बिहारी मंदिर एक बार फिर सुर्खियों में है, लेकिन इस बार वजह भक्ति नहीं, बल्कि मंदिर के सुरक्षाकर्मियों का अभद्र व्यवहार है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें सुरक्षाकर्मियों और भक्तों के बीच तीखी बहस और हाथापाई दिख रही है।

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, झगड़ा तब शुरू हुआ जब भक्त बैरिकेड के अंदर से दर्शन करने के लिए आगे बढ़ रहे थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें बीच में ही रोक दिया। जब भक्तों ने विरोध किया तो उन्होंने गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ भक्तों को जबरदस्ती मंदिर परिसर से बाहर निकाल दिया गया।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घटना के समय पुलिस मंदिर परिसर में मौजूद थी, लेकिन कहा जा रहा है कि पुलिस पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बनी रही और उसने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की। बांके बिहारी मंदिर में यह पहली घटना नहीं है, ऐसी घटनाएं पहले भी कई बार हो चुकी हैं।

एक रिटायर्ड आर्मी कैप्टन पर एक सेवायत (सेवक) ने हमला कर दिया। हाल ही में बांके बिहारी मंदिर के पास एक सेवायत (सेवक) ने रिटायर्ड आर्मी कैप्टन पर डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान हो गए। पुलिस ने आरोपी सेवायत को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गाजीपुर के रहने वाले रिटायर्ड कैप्टन कुशेंद्र यादव (52) 13 फरवरी को अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बांके बिहारी के दर्शन करने वृंदावन आए थे। राधा वल्लभ मंदिर के पास से गुजरते समय उन्होंने एक सेवायत और दूसरे युवक के बीच झगड़ा देखा। कैप्टन कुशेंद्र ने बीच-बचाव किया और झगड़ा शांत कराने की कोशिश की। लेकिन, शयनभोग सेवायत मनोज गोस्वामी (60) को यह कोशिश मंजूर नहीं थी। झगड़ा शांत कराने के बजाय, सेवायत गुस्से में आ गया और उसने अपने पास रखे डंडे से कैप्टन पर हमला कर दिया।