×

मथुरा में फरसा वाले बाबा की मौत, घटना को लेकर तनाव; सीएम योगी ने लिया संज्ञान

 

उत्तर प्रदेश के मथुरा से एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां गौ-रक्षक चंद्रशेखर बाबा, जिन्हें स्थानीय लोग फरसा वाले बाबा के नाम से जानते थे, की ट्रक से कुचलकर मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात हुई। बाबा के साथ मौजूद लोगों का दावा है कि वे गौवंश से भरे एक ट्रक का पीछा कर रहे थे। इस दौरान बाबा ने ट्रक को ओवरटेक कर अपनी बाइक उसके सामने खड़ी कर दी। आरोप है कि इसी दौरान ट्रक चालक ने अचानक वाहन की गति बढ़ा दी और बाबा को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों और समर्थकों में गुस्सा देखने को मिल रहा है। घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले का संज्ञान लिया है और अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक व उसके चालक की तलाश की जा रही है।

फिलहाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है। घटना के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।