मुरादाबाद को सीएम योगी की बड़ी सौगात, 365.50 करोड़ की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज, 29 जून को मुरादाबाद के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे।
मुख्यमंत्री इस कार्यक्रम में कुल 365.50 करोड़ रुपये की 63 विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। इनमें 136.15 करोड़ रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा, जबकि 229.35 करोड़ रुपये की 37 नई परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।
विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार
इन परियोजनाओं के पूरा होने से जिले में बुनियादी ढांचे, सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य नागरिक सुविधाओं में सुधार होने की उम्मीद है। प्रशासन का मानना है कि इन योजनाओं से आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा और विकास कार्यों में तेजी आएगी।
दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की गई है, साथ ही यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
जनसभा को भी करेंगे संबोधित
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे और सरकार की विकास योजनाओं की जानकारी जनता को देंगे।