☰
×

सरकार विरोधी वीडियो बनाने के लिए कोड लैंग्वेज सिखा रहे CJP नेता आशुतोष रांका, समर्थकों को दिए निर्देश

 

सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने सरकार विरोधी वीडियो बनाने के लिए समर्थकों को कोड लैंग्वेज सिखाने की शुरुआत की है। उन्होंने समर्थकों से कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नामों के लिए वीडियो में कोड का इस्तेमाल किया जाए।

सीजेपी का आरोप है कि इंस्टाग्राम पर केंद्र सरकार की आलोचना करने वाले और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग से जुड़े वीडियो और पोस्ट हटाए जा रहे हैं। पार्टी नेताओं ने कुछ सोशल मीडिया अकाउंट बंद किए जाने का भी दावा किया है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

मोदी के लिए ‘ओदी’, अमित शाह के लिए ‘बीसीसीआई’ कोडवर्ड

आशुतोष रांका ने अपने वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए ‘ओदी’, गृह मंत्री अमित शाह के लिए ‘बीसीसीआई’ और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के लिए ‘गुन्नू’ शब्द इस्तेमाल करने की सलाह दी। उन्होंने समर्थकों से कहा कि गंभीर राजनीतिक मुद्दों पर भी व्यंग्य और हास्य के जरिए अपनी बात रखनी चाहिए।

रांका ने कहा कि सोशल मीडिया पर वीडियो हटाए जाने और अकाउंट बंद होने की आशंका के बावजूद समर्थकों को अपनी बात रखना जारी रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुछ वीडियो हटाए जा सकते हैं और कुछ अकाउंट बंद हो सकते हैं, लेकिन इससे आंदोलन खत्म नहीं होगा।

एल्गोरिदम को चकमा देने की रणनीति

रांका के मुताबिक, कोड लैंग्वेज और व्यंग्य का इस्तेमाल करने से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का एल्गोरिदम उनके वीडियो को आसानी से पहचान नहीं पाएगा। उन्होंने समर्थकों से कहा कि वे डटे रहें और सोशल मीडिया पर अपनी गतिविधियां जारी रखें।

इससे पहले सीजेपी के प्रमुख अभिजीत दीपके ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट और अकाउंट हटाए जाने के आरोप लगाए थे। यूट्यूबर ध्रुव राठी ने भी वीडियो के जरिए इस मुद्दे पर अपनी बात रखी थी। इस तरह सीजेपी ने सोशल मीडिया पर अपनी आवाज पहुंचाने के लिए कोडवर्ड के इस्तेमाल को नई रणनीति के तौर पर पेश किया है।