☰
×

ताजमहल में CISF जवानों पर दिल्ली के पर्यटक परिवार से मारपीट का आरोप, 3 साल का बच्चा हो गया था लापता

 

उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित ताजमहल में रविवार शाम सुरक्षा में तैनात CISF जवानों और दिल्ली से आए पर्यटक परिवार के बीच विवाद हो गया। परिवार ने जवानों पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि पर्यटक का तीन साल का बेटा करीब पांच मिनट के लिए परिवार से बिछड़ गया था। बाद में बच्चा CISF जवान के पास मिला। बच्चे को परिजनों को सौंपने के दौरान पहचान पत्र को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो कथित तौर पर मारपीट तक पहुंच गया।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली निवासी साजिद अपने परिवार के साथ ताजमहल घूमने आए थे। इसी दौरान भीड़ में उनका तीन साल का बेटा परिवार से अलग हो गया। कुछ देर बाद बच्चा CISF के एक जवान के पास मिला। जवान ने बच्चे को परिजनों के हवाले करने से पहले उसका आधार कार्ड दिखाने को कहा।

साजिद का कहना है कि बच्चे का आधार कार्ड उनके पास नहीं था। उन्होंने मोबाइल में अपनी और बच्चे की तस्वीरें दिखाईं। इसके अलावा बच्चे का जन्म प्रमाणपत्र भी प्रस्तुत किया, ताकि यह साबित कर सकें कि बच्चा उनका बेटा है। आरोप है कि इसके बावजूद जवान आधार कार्ड दिखाने पर अड़े रहे।

बच्चे को चार दिन बाद देने की कही बात

पर्यटक साजिद ने आरोप लगाया कि जवानों ने आधार कार्ड नहीं दिखाने पर बच्चा चार दिन बाद देने की बात कही। इसके बाद विवाद बढ़ गया। साजिद के मुताबिक, CISF जवानों ने उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया और उन्हें कंट्रोल रूम ले गए।

आरोप है कि इस दौरान उनके साले आजाद के साथ मारपीट की गई। पिटाई के बाद आजाद बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। घटना के दौरान परिवार की महिलाएं बीच-बचाव करती रहीं। ताजमहल के पूर्वी गेट पर हुए इस विवाद का वीडियो भी सामने आया है।

CISF ने बताई विवाद की दूसरी वजह

वहीं, CISF के एक अधिकारी ने मारपीट के आरोपों से इनकार किया है। अधिकारी के अनुसार, जवानों और पर्यटक के बीच VIP गेट के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था। CISF कमांडेंट ने मामले को दिखवाने की बात कही है।

उधर, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) की अधीक्षण पुरातत्वविद् डॉ. स्मिता एस. कुमार ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी गई है। CISF कमांडेंट से भी स्पष्टीकरण लिया जाएगा और संबंधित अधिकारियों को दिल्ली मुख्यालय में लिखित जानकारी भेजी जाएगी।

फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के दावों की जांच की जा रही है। ताजमहल जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल पर पर्यटकों और सुरक्षा कर्मियों के बीच हुए इस विवाद के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पर्यटकों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठ रहे हैं।