×

यूपी में चुनावी तैयारियां तेज, मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार लखनऊ पहुंचे; 120 विधानसभा सीटों के BLO से करेंगे संवाद

 

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर चुनावी तैयारियां तेज हो गई हैं। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सोमवार सुबह दो दिवसीय दौरे पर लखनऊ पहुंचे। उनके साथ निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधिमंडल भी राजधानी पहुंचा है। इस दौरे के दौरान आयोग की टीम चुनावी प्रक्रिया को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, मतदाता जागरूकता बढ़ाने और बूथ स्तर की तैयारियों का जायजा लेने पर जोर देगी।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने दौरे के दौरान 20 जिलों के निर्वाचन अधिकारियों और 120 विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े बूथ लेवल अधिकारियों यानी BLO के साथ संवाद करेंगे। इसके अलावा छात्रों, शिक्षकों और प्राचार्यों के साथ भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोग का उद्देश्य युवाओं को चुनावी प्रक्रिया से जोड़ना और निर्वाचन व्यवस्था के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

छात्रों से भी करेंगे संवाद

दौरे के पहले दिन ज्ञानेश कुमार लखनऊ के कॉल्विन तालुकदार्स कॉलेज में विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। खास बात यह है कि यह वही शिक्षण संस्थान है, जहां से ज्ञानेश कुमार ने अपनी शुरुआती पढ़ाई की थी। इसके बाद वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

लखनऊ पहुंचने के बाद ज्ञानेश कुमार ने कहा कि लखनऊ उनकी तपोभूमि रही है और यहां उनकी शिक्षा हुई है। उन्होंने कहा कि बूथ लेवल अधिकारी लोकतंत्र की आधारशिला हैं और उनसे सीधे संवाद करना जरूरी है। साथ ही प्रदेश के स्कूलों और विश्वविद्यालयों में चुनावी प्रक्रिया और उसकी पारदर्शिता को लेकर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

20 जिलों के अधिकारी होंगे शामिल

लखनऊ में होने वाले क्षेत्रीय सम्मेलन में 20 जिलों के उप जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और मीडिया नोडल अधिकारी हिस्सा लेंगे। इन जिलों की 120 विधानसभा सीटों से जुड़े करीब 440 शैक्षणिक संस्थानों के लगभग 1,500 विद्यार्थी, शिक्षक और प्राचार्य भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे।

इस दौरान निर्वाचन प्रक्रिया, मतदाता जागरूकता और चुनावी पारदर्शिता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी। आयोग युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अधिक सक्रिय रूप से जोड़ने की दिशा में भी काम कर रहा है।

मंगलवार को करीब 500 BLO से सीधा संवाद

दौरे के दूसरे दिन यानी मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त करीब 500 बूथ लेवल अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। BLO से बातचीत के दौरान मतदाता सूची, बूथ स्तर की व्यवस्थाओं और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी जमीनी चुनौतियों पर चर्चा की जाएगी।

निर्वाचन आयोग की ओर से लखनऊ के बाद मेरठ और वाराणसी में भी क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान वरिष्ठ निर्वाचन अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

समय से पहले चुनाव की चर्चाओं के बीच दौरा अहम

उत्तर प्रदेश में अगले विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। ऐसे में मुख्य निर्वाचन आयुक्त का यह दौरा राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, आयोग की ओर से इस दौरे को चुनाव प्रक्रिया को मजबूत करने, मतदाता जागरूकता बढ़ाने और जमीनी स्तर की तैयारियों की समीक्षा से जोड़ा गया है। समय से पहले चुनाव होने की चर्चाओं के बीच इस दौरे ने सियासी हलकों में जरूर हलचल बढ़ा दी है।