गोरखपुर में अखिलेश यादव के रोड शो की जेसीबी से किशोर की मौत का मामला, हत्या और साजिश की धाराएं बढ़ीं: चालक समेत 5 गिरफ्तार, 35 सपा नेता हिरासत में; मुख्य आरोपी की तलाश जारी
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल जेसीबी की चपेट में आने से भाजपा नेता के 14 वर्षीय बेटे की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। जांच के दौरान पुलिस ने मुकदमे में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं बढ़ा दी हैं। पुलिस ने जेसीबी चालक समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर 35 सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। रोड शो का आयोजक बताया जा रहा मुख्य आरोपी मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू अभी फरार है।
मृतक की पहचान भाजपा नेता ओंकार सिंह के 14 वर्षीय बेटे आर्यवर्धन सिंह के रूप में हुई है। वह केंद्रीय विद्यालय नंदानगर में कक्षा 10 का छात्र था। बुधवार दोपहर करीब 2 बजे झारखंडी मोड़ स्थित आवास विकास कॉलोनी के पास वह सड़क पर जा रहा था। इसी दौरान अखिलेश यादव के रोड शो में शामिल फूल बरसाने वाली जेसीबी की चपेट में आ गया। गंभीर रूप से घायल आर्यवर्धन को परिजन और स्थानीय लोग एम्स गोरखपुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पांच आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय ने भेजा जेल
पुलिस ने गुरुवार देर रात अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें जेसीबी चालक विनोद शाही, शिवांग निषाद, नरसिंह यादव, राहुल यादव और वीरेंद्र यादव शामिल हैं। शुक्रवार को सभी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।इसके अलावा पुलिस ने 35 सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इनमें से 20 लोगों का शांतिभंग की आशंका में चालान किया गया। पुलिस का कहना है कि हिरासत में लिए गए अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
मुख्य आरोपी मृत्युंजय यादव की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, तारामंडल निवासी मृत्युंजय यादव उर्फ बिट्टू को रोड शो का आयोजक बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इसके साथ ही जेसीबी मालिक की भूमिका और रोड शो में शामिल अन्य वाहनों की भी जांच की जा रही है।पुलिस ने हादसे में शामिल जेसीबी के अलावा तीन अन्य जेसीबी मशीनें और दो क्रेन भी कब्जे में ली हैं। जांच अधिकारी घटनास्थल के आसपास के 25 लोगों के बयान दर्ज कर चुके हैं। एयरपोर्ट से एम्स थाना क्षेत्र तक लगे 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली गई है। घटनास्थल के पास एक मेडिकल स्टोर के कैमरे की डीवीआर भी जब्त की गई है।
परिजनों ने सड़क जाम कर किया था प्रदर्शन
बेटे की मौत के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्रवाई में देरी का आरोप लगाते हुए झारखंडी मोड़ पर गोरखपुर-देवरिया मार्ग जाम कर दिया था। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। अधिकारियों के कार्रवाई का आश्वासन देने के बाद रात करीब 8 बजे प्रदर्शन समाप्त हुआ।गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी और पुलिस अधिकारियों को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद पुलिस ने अपनी जांच में हत्या और आपराधिक षड्यंत्र की धाराएं बढ़ाईं।
पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका की कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कार्रवाई जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के साथ ही नामजद और अज्ञात लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रोड शो में जेसीबी को किसकी अनुमति से शामिल किया गया था और हादसे के लिए कौन जिम्मेदार था।फिलहाल पांच आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। इस मामले में आगे की कार्रवाई जांच और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर होगी।