बृजभूषण शरण सिंह को बेटी शालिनी ने जन्मदिन से पहले दिया अनोखा तोहफा, नोएडा में बनवाकर गिफ्ट किया हेलीपैड
उत्तर प्रदेश के कैसरगंज लोकसभा सीट से पूर्व सांसद और भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह को जन्मदिन से पहले उनकी बेटी शालिनी सिंह ने खास तोहफा दिया है। बेटी ने उन्हें नोएडा में एक हेलीपैड बनवाकर गिफ्ट किया है। इस अनोखे उपहार की चर्चा राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हो रही है। बृजभूषण सिंह ने बेटी से मिले इस तोहफे का विधिवत उद्घाटन भी किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शालिनी सिंह ने रविवार शाम करीब 5 बजे हेलीपैड का उद्घाटन करवाने के लिए अपने पिता को आमंत्रित किया था। बृजभूषण सिंह ने पूजा-पाठ के बाद नारियल फोड़कर हेलीपैड का उद्घाटन किया। शालिनी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बताया कि उन्होंने अपने पिता को जन्मदिन के उपहार के रूप में नोएडा में नवनिर्मित हेलीपैड भेंट किया है।
50 लाख रुपये की लागत से बना हेलीपैड
रिपोर्ट्स में हेलीपैड के निर्माण पर करीब 50 लाख रुपये खर्च होने की बात कही गई है। हालांकि, इस लागत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शालिनी सिंह ने भी उपहार की कीमत बताने से इनकार किया। उनका कहना था कि उपहार की कीमत नहीं बताई जाती।
शालिनी ने बताया कि उनके पिता बचपन से ही उनसे बहुत प्यार करते हैं और उन्हें कई तोहफे देते रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिता ने उन्हें इस काबिल बनाया है कि आज वह उन्हें कुछ दे सकें। इसी वजह से उन्होंने जन्मदिन से पहले यह खास उपहार देने का फैसला किया।
बृजभूषण के पास हैं तीन हेलीकॉप्टर
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बृजभूषण शरण सिंह के पास तीन हेलीकॉप्टर हैं। इनमें काले रंग का हेलीकॉप्टर नोएडा के नए हेलीपैड पर रखा जाएगा, जबकि सफेद और भगवा रंग के हेलीकॉप्टर गोंडा में रहेंगे। नए हेलीपैड से उनके नोएडा और गोंडा के बीच आने-जाने में सुविधा मिलने की बात कही जा रही है।
बृजभूषण शरण सिंह का जन्मदिन 8 जनवरी को होता है। बेटी की ओर से जन्मदिन से पहले दिया गया यह खास तोहफा अब चर्चा का विषय बना हुआ है