☰
×

धीरेंद्र शास्त्री पर बाबा रामदेव बोले- 'पाखंडी, तेरी मति मारी गई'; 6 दिन पहले कुंडा में गले लगाया था, अब मंच से जमकर बरसे

 

योगगुरु बाबा रामदेव ने बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर तीखा हमला बोला है। झारखंड के जमशेदपुर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रामदेव ने बिना नाम लिए धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी, ढोंगी और धूर्त तक कह दिया। उन्होंने भगवान राम और श्रीकृष्ण की तुलना करने वाले बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। साथ ही भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को डराने और कथित शोषण करने वालों पर भी निशाना साधा।

इस पूरे विवाद की खास बात यह है कि करीब 6 दिन पहले ही उत्तर प्रदेश के कुंडा में एक कार्यक्रम के दौरान बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री की मुलाकात हुई थी। उस समय दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया था। दोनों की साथ में तस्वीरें भी सामने आई थीं। लेकिन अब रामदेव के तीखे बयान के बाद दोनों के बीच वैचारिक मतभेद चर्चा में हैं।

रामदेव बोले- सनातन के नाम पर पाखंड नहीं चलेगा

जमशेदपुर में आयोजित महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम में बाबा रामदेव ने कहा कि कुछ लोग न वेद-पुराण पढ़ते हैं और न ही धर्मग्रंथों का सही ज्ञान रखते हैं, लेकिन मंच पर खड़े होकर बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। ऐसे लोग खुद को सनातनी बताकर समाज में तनाव और फूट पैदा करने की कोशिश करते हैं।

रामदेव ने तीखे अंदाज में कहा, 'अरे तू खुद को ही बचा ले बावले, पाखंडी कहीं का, धूर्त।' उन्होंने कहा कि सनातन धर्म के नाम पर लोगों को भड़काना और धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल करना गलत है।

भगवान राम और कृष्ण की तुलना पर भड़के

बाबा रामदेव की नाराजगी की एक बड़ी वजह धीरेंद्र शास्त्री का भगवान राम और श्रीकृष्ण को लेकर दिया गया बयान है। दरअसल, एक कथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने भगवान राम को सीधा और श्रीकृष्ण को टेढ़े-मेढ़े अंदाज वाला बताया था। इस टिप्पणी को लेकर विवाद हुआ था।

रामदेव ने इसी बात का जिक्र करते हुए कहा कि देवी-देवताओं की आपस में तुलना नहीं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले ऐसी टिप्पणी की जाती है, फिर विवाद होने पर माफी मांग ली जाती है और मंदिर जाकर दर्शन कर लिए जाते हैं। इसके बावजूद वही बातें दोहराई जाती हैं।

रामदेव ने गुस्से में कहा, 'अरे तेरी मति मारी गई पाखंडी।' उन्होंने कहा कि हर बात की एक मर्यादा होती है और किसी को भी धार्मिक आस्थाओं का अपमान करने का अधिकार नहीं है।

भूत-प्रेत के नाम पर लोगों को डराने का आरोप

रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार और भूत-प्रेत बाधा से मुक्ति के दावों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुछ लोग भूत-प्रेत का डर दिखाकर लोगों का शोषण करते हैं। उनके मुताबिक, इस तरह के कथित पाखंड का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और परिवारों पर पड़ता है।

उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अंधविश्वास में न फंसें और धर्म के नाम पर किए जाने वाले दावों को समझदारी से परखें।

कुंडा में गले मिले थे दोनों

करीब 6 दिन पहले प्रतापगढ़ के कुंडा में आयोजित रामकथा के दौरान बाबा रामदेव और धीरेंद्र शास्त्री की मुलाकात हुई थी। उस समय दोनों ने एक-दूसरे को गले लगाया था। अब कुछ ही दिनों बाद रामदेव के इस बयान ने पूरे मामले को नया मोड़ दे दिया है।