अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: वीडियो में देंखे पूर्व पदाधिकारियों से पूछताछ, सुप्रीम कोर्ट पहुंचा केस, जांच तेज
अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी के मामले ने अब बड़ा कानूनी और जांची मोड़ ले लिया है। मामले में पूर्व पदाधिकारियों चंपत राय, अनिल मिश्रा और गोपाल राव से पूछताछ की गई है और उनके बयान भी दर्ज किए गए हैं। पूछताछ के बाद चंपत राय दिल्ली रवाना हो गए।
इसी बीच यह मामला अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच गया है। वकील अनूप अवस्थी की ओर से सीबीआई जांच की मांग वाली याचिका दायर की गई है, हालांकि कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार करते हुए पूछा कि इतनी जल्दी क्या है। अदालत ने कहा कि मामले की सुनवाई छुट्टियों के बाद की जाएगी।
वहीं दूसरी ओर पुलिस जांच भी तेज हो गई है। सोमवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पुलिस टीम जेल में बंद 8 आरोपियों के बैंक खातों की जांच के लिए एसबीआई की अयोध्या धाम ब्रांच पहुंची। इनमें से 7 आरोपियों के खाते इसी शाखा में पाए गए। पुलिस ने सभी खातों के बैंक स्टेटमेंट जब्त कर लिए हैं और अब इस बात की जांच की जा रही है कि मंदिर में नौकरी मिलने के बाद आरोपियों के खातों में कितनी और किस तरह की रकम आई।
इसके अलावा पुलिस ने बैंक के दो कर्मचारियों को भी नोटिस जारी किया है और उनसे पूछताछ की तैयारी है। उधर, सभी 8 आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने उनकी रिमांड की मांग नहीं की। इसके बाद कोर्ट ने सभी आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।मामले की संवेदनशीलता और बढ़ती कानूनी पेचीदगियों के बीच जांच एजेंसियां अब वित्तीय लेन-देन और बैंक रिकॉर्ड्स को केंद्र में रखकर आगे की कार्रवाई कर रही हैं।