अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला: आरोपी अनुकल्प मिश्रा के घर 20 मिनट चली तलाशी, फुटेज में जाने 30 बैंक खाते फ्रीज; शेयर मार्केट में लगाने की बात कबूली
अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की रकम चोरी करने के मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। गुरुवार सुबह पुलिस आरोपी अनुकल्प मिश्रा को उसके घर लेकर पहुंची। यहां पुलिस ने करीब 20 मिनट तक तलाशी अभियान चलाया और परिवार के सदस्यों से भी पूछताछ की।इससे पहले बुधवार को पुलिस आरोपी लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय को भी उनके घर लेकर गई थी। पुलिस ने दोनों के घरों की तलाशी ली और कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों की आर्थिक गतिविधियों से जुड़े कई सुराग मिलने का दावा किया जा रहा है।
रिश्तेदारों के 30 बैंक खाते किए गए फ्रीज
मामले की जांच कर रही पुलिस ने आरोपियों के रिश्तेदारों और करीबियों के करीब 30 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इन खातों में आय के मुकाबले अधिक लेन-देन सामने आया है।जांच एजेंसियां अब इन बैंक खातों से हुए ट्रांजेक्शन, पैसों के स्रोत और रकम के इस्तेमाल की जानकारी जुटा रही हैं। पुलिस को शक है चोरी की रकम को अलग-अलग खातों के जरिए इधर-उधर किया गया।
घरों से कैश, सोने के जेवर और कार बरामद
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के घरों की तलाशी के दौरान नोटों के बंडल, सोने के जेवर और एक कार बरामद हुई है। बरामद सामान में सोने की बालियां और लॉकेट भी शामिल हैं।हालांकि पुलिस ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह जानकारी साझा नहीं की है कि किस आरोपी के घर से कितनी नकदी और कितना सामान बरामद हुआ है। पुलिस जल्द ही बरामदगी का पूरा विवरण जारी कर सकती है।
अनुकल्प ने पूछताछ में बताई पैसों के इस्तेमाल की जानकारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी अनुकल्प मिश्रा ने कई अहम खुलासे किए हैं। उसने कथित तौर पर बताया कि वह और आरोपी अविनाश शुक्ला चोरी के पैसों को शेयर मार्केट में निवेश करते थे।अनुकल्प ने यह भी बताया कि चोरी की रकम को लोगों को ब्याज पर दिया जाता था। इसके अलावा पैसों को रिश्तेदारों और करीबियों के खातों में भेजा जाता था और बाद में वहां से अपने खातों में ट्रांसफर करवाया जाता था।पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की रकम किन-किन लोगों तक पहुंची।
आरोपियों की संपत्ति और लेन-देन की जांच जारी
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस अब आरोपियों की संपत्ति, बैंक रिकॉर्ड और डिजिटल लेन-देन की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और बरामद दस्तावेजों व बैंक खातों की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। राम मंदिर से जुड़े इस मामले पर श्रद्धालुओं और आम लोगों की नजर बनी हुई है।