☰
×

अनुज सिंह बने एलडीए के नए उपाध्यक्ष, प्रथमेश कुमार को सीतापुर की जिम्मेदारी; कई अधिकारियों के तबादले

 

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष सचिव अनुज सिंह को लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) के उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, प्रथमेश कुमार को सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। इस बदलाव के साथ गाजियाबाद और वाराणसी के नगर आयुक्तों के कार्यक्षेत्र में भी परिवर्तन किया गया है।सरकार की ओर से शुक्रवार देर रात जारी आदेश के मुताबिक, प्रदेश में कुल 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। इनमें पांच जिलों के जिलाधिकारी भी शामिल हैं।

नगर आयुक्तों में भी बदलाव

वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल को गाजियाबाद नगर निगम का नया नगर आयुक्त बनाया गया है। वहीं, गोरखपुर के मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी को वाराणसी का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। गाजियाबाद के नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक को मेरठ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इसके अलावा सीतापुर के जिलाधिकारी राजागणपति आर को सूडा का निदेशक बनाया गया है। महाराजगंज और सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारियों की भी अदला-बदली की गई है। इस फेरबदल में कई विकास प्राधिकरणों और अन्य विभागों में तैनात अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इस प्रशासनिक बदलाव को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले निर्वाचन आयोग के अधिकारियों के स्थानांतरण संबंधी दिशा-निर्देशों के तहत की गई कार्रवाई से भी जोड़कर देखा जा रहा है।