गोरखपुर के माथाबारी गांव पहुंचे एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह, बच्चों ने किया ऑपरेशन सिंदूर का मंचन; वीडियो में बोले- पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी
गोरखपुर शहर से करीब 30 किलोमीटर दूर माथाबारी गांव में गुरुवार को भारतीय वायुसेना के एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह पत्नी सरिता के साथ पहुंचे। उनके आगमन पर सरस्वती गुरुकुल में फूल बरसाकर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान गुरुकुल के छात्र-छात्राओं ने ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित विशेष प्रस्तुति दी। बच्चों ने अपने मंचन के जरिए पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारत की ओर से की गई सैन्य कार्रवाई को दर्शाया।बच्चों की प्रस्तुति देखकर एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह और उनकी पत्नी सरिता के साथ कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियों के साथ बच्चों का उत्साह बढ़ाया। प्रस्तुति के दौरान भारत माता की जय के नारे भी लगाए गए। कार्यक्रम में देशभक्ति का माहौल देखने को मिला।
एयर चीफ मार्शल की पत्नी ने किया लाइब्रेरी का शुभारंभ
सरस्वती गुरुकुल में तैयार की गई नई लाइब्रेरी का शुभारंभ एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह की पत्नी सरिता ने किया। लाइब्रेरी शुरू होने से गुरुकुल के विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ विभिन्न विषयों की किताबें पढ़ने और अपने ज्ञान का विस्तार करने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर गुरुकुल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक और देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां भी दीं। ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित मंचन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। बच्चों ने अभिनय के जरिए आतंकी हमले से लेकर भारत की सैन्य कार्रवाई तक की घटनाओं को मंच पर प्रस्तुत किया।
बच्चों से बोले- सबसे पहले अच्छा इंसान बनना है
कार्यक्रम के दौरान एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह ने बच्चों को प्रेरक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि माता-पिता और शिक्षक बच्चों को भविष्य में कुछ भी बनाएं, लेकिन सबसे पहले जरूरी है कि वे एक अच्छे इंसान बनें।उन्होंने कहा कि अगर बच्चों को अच्छा इंसान बनाया जा सके तो वे भविष्य में जिस भी क्षेत्र में जाएंगे, वहां अच्छा काम करेंगे। उन्होंने बच्चों के सामने इसे एक उदाहरण के जरिए समझाया।
एयर चीफ मार्शल ने कहा कि अगर किसी बच्चे के नाम के आगे उसके सपने का सरनेम लगाया जाए तो उसके बीच में इंसान शब्द होना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे मोहित इंसान डॉक्टर और अर्पिता इंसान आईएएस। उनका संदेश था कि डॉक्टर, इंजीनियर, आईएएस या किसी अन्य पेशे में जाने से पहले एक बेहतर इंसान बनना सबसे जरूरी है।
देशभक्ति से गूंजा गुरुकुल परिसर
ऑपरेशन सिंदूर की प्रस्तुति के दौरान गुरुकुल परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। पहलगाम में हुए आतंकी हमले और उसके बाद भारत की सैन्य कार्रवाई को बच्चों ने प्रभावी ढंग से मंच पर उतारा। प्रस्तुति खत्म होने के बाद एयर चीफ मार्शल, उनकी पत्नी और अन्य अतिथियों ने बच्चों की सराहना की।एयर चीफ मार्शल अमरप्रीत सिंह का यह दौरा विद्यार्थियों के लिए भी खास रहा। बच्चों को देश की सुरक्षा, जिम्मेदारी और अच्छे नागरिक बनने का संदेश मिला। वहीं नई लाइब्रेरी शुरू होने से विद्यार्थियों को शिक्षा और अध्ययन के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध होने की उम्मीद है।