यूपी चुनाव 2027 से पहले ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलाया हाथ, लखनऊ में आज करेंगे गठबंधन का ऐलान; दलित-मुस्लिम वोटों पर नजर
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत में एक नया गठबंधन आकार लेने जा रहा है। ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने हाथ मिला लिया है। दोनों नेता आज 12 नवंबर को लखनऊ में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गठबंधन का औपचारिक ऐलान करेंगे। इस नए राजनीतिक गठजोड़ का मुख्य फोकस दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साथ लाने पर रहेगा।
इस गठबंधन के जरिए दोनों दल उत्तर प्रदेश में भाजपा और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन से अलग एक तीसरा राजनीतिक विकल्प तैयार करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों पार्टियों के नेताओं के बीच पिछले एक महीने से अधिक समय से बातचीत चल रही थी। AIMIM प्रवक्ता शादाब चौहान ने भी गठबंधन की पुष्टि की है। हालांकि, सीटों के बंटवारे और चुनाव में कितनी सीटों पर उम्मीदवार उतारे जाएंगे, इसकी जानकारी संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिए जाने की उम्मीद है।
दलित-मुस्लिम वोट बैंक पर दोनों दलों की नजर
उत्तर प्रदेश में मुस्लिम आबादी करीब 19 प्रतिशत और अनुसूचित जाति यानी दलित आबादी करीब 21 प्रतिशत मानी जाती है। दोनों समुदायों की संयुक्त हिस्सेदारी लगभग 40 प्रतिशत है। ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद इसी सामाजिक समीकरण को अपने गठबंधन की ताकत बनाना चाहते हैं।
AIMIM प्रमुख ओवैसी मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों और राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर सक्रिय रहे हैं। वहीं, चंद्रशेखर आजाद दलित राजनीति में अपनी पहचान मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। दोनों नेताओं को उम्मीद है कि साथ आने से उन मतदाताओं तक पहुंच बढ़ेगी, जो मौजूदा राजनीतिक विकल्पों से संतुष्ट नहीं हैं।
अखिलेश यादव और कांग्रेस से नहीं बनी बात
ओवैसी इससे पहले उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के साथ गठबंधन की इच्छा जता चुके थे। उन्होंने दोनों दलों को गठबंधन में शामिल करने को लेकर 2 अक्टूबर तक जवाब देने का समय भी दिया था। लेकिन उनकी इस कोशिश को सफलता नहीं मिली। इसके बाद AIMIM ने चंद्रशेखर आजाद की पार्टी के साथ गठबंधन की दिशा में कदम बढ़ाया।
AIMIM के उत्तर प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के मुताबिक, पार्टी ने सपा, कांग्रेस और बसपा सहित प्रमुख विपक्षी दलों से गठबंधन की संभावनाओं पर बात की थी, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। अब दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही हैं।
किन सीटों पर ज्यादा फोकस रहेगा?
गठबंधन की नजर खास तौर पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और रुहेलखंड के उन इलाकों पर रहने की संभावना है, जहां मुस्लिम और दलित मतदाताओं की संख्या अच्छी है। मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, बिजनौर, अमरोहा और संभल जैसे जिलों में दोनों समुदायों का संयुक्त प्रभाव कई विधानसभा सीटों पर देखा जाता है।
हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि AIMIM और आजाद समाज पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगी। ओवैसी ने संकेत दिया है कि दोनों दल सीटों को लेकर चर्चा कर रहे हैं और गठबंधन अन्य समान विचारधारा वाले दलों और नेताओं के लिए भी खुला रहेगा।
2022 के चुनाव में दोनों दलों का प्रदर्शन
2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में AIMIM ने 95 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी को कोई सीट नहीं मिली थी। उसका वोट शेयर करीब 0.49 प्रतिशत रहा था। वहीं, आजाद समाज पार्टी ने 100 से अधिक सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे करीब 0.13 प्रतिशत वोट मिले थे। पार्टी भी विधानसभा में अपना खाता नहीं खोल सकी थी।
अब दोनों दल एक साथ चुनाव मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। चंद्रशेखर आजाद 2024 के लोकसभा चुनाव में नगीना सीट से जीतकर सांसद बने थे। ऐसे में गठबंधन के जरिए उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में अपना राजनीतिक आधार बढ़ाना चाहती है।
अखिलेश यादव के PDA समीकरण को चुनौती?
इस गठबंधन को समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के संदर्भ में भी देखा जा रहा है। सपा 2027 के चुनाव में इसी सामाजिक समीकरण को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का साथ आना सपा के सामने एक नया राजनीतिक समीकरण खड़ा कर सकता है।
हालांकि, गठबंधन का चुनावी असर सीटों के बंटवारे, उम्मीदवारों के चयन, स्थानीय संगठन और मतदाताओं के समर्थन पर निर्भर करेगा। फिलहाल दोनों नेताओं की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सबकी नजरें हैं, जहां गठबंधन की शर्तों और आगे की रणनीति से पर्दा उठ सकता है।