राम मंदिर के बाद अब केदारनाथ-बद्रीनाथ में चढ़ावा चोरी के आरोप, BKTC कर्मचारी पर गंभीर शिकायत, CCTV जांच शुरू
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि अब उत्तराखंड के प्रसिद्ध केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में भी चढ़ावे में गड़बड़ी के आरोप सामने आए हैं। धार्मिक संगठन भैरव सेना के अध्यक्ष संदीप खत्री ने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) को शिकायत भेजकर समिति अध्यक्ष के निजी सहायक पर चढ़ावा चोरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए मंदिर समिति ने जांच शुरू कर दी है।
भैरव सेना ने लगाए गंभीर आरोप
भैरव सेना के अध्यक्ष संदीप खत्री ने बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (BKTC) को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि मंदिर में चढ़ावे के प्रबंधन में अनियमितताएं हुई हैं। उन्होंने समिति अध्यक्ष के निजी सहायक पर चढ़ावे से जुड़े गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। शिकायत के बाद मंदिर प्रशासन हरकत में आ गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
BKTC ने कर्मचारियों को भेजा नोटिस
शिकायत मिलने के बाद BKTC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) सोहन सिंह रांगड़ ने निजी सहायक समेत ड्यूटी पर तैनात सभी संबंधित कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। सभी कर्मचारियों से तीन दिन के भीतर अपना स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।इसके साथ ही जांच को निष्पक्ष बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर लिए गए हैं, ताकि आरोपों की सत्यता की जांच की जा सके।
अध्यक्ष बोले- दोषी मिला तो होगी कड़ी कार्रवाई
BKTC अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मंदिर समिति इस पूरे मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है। जिन कर्मचारियों पर आरोप लगाए गए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि जांच में कोई भी कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राम मंदिर के बाद बढ़ी संवेदनशीलता
अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले के बाद अब केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम में भी ऐसे आरोप सामने आने से धार्मिक संस्थानों में चढ़ावे की सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल मंदिर समिति का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।