आखिर क्यों कांवड़ियों से बात करते हुए सड़क पर ही बैठ गए DM-SSP? जानें क्या है पूरा मामला?
कांवड़ यात्रा धीरे-धीरे अपने चरम पर पहुंच रही है। हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर आने वाले कांवड़ियों की संख्या अब हाईवे पर अत्यधिक हो गई है। शुक्रवार को डीएम डॉ. वीके सिंह और एसएसपी विपिन ताडा अधिकारियों के साथ हाईवे पर पहुंचे और कांवड़ियों का हालचाल जाना। उनसे इस बार व्यवस्थाओं में रही खामियों के बारे में जानकारी ली। कांवड़ियों ने इस दौरान बाइक एंबुलेंस और रोशनी एंबुलेंस का इस्तेमाल करने के लिए उनकी सराहना की।
डीएम और एसएसपी मोदीपुरम से कृषि विश्वविद्यालय तक कांवड़ यात्रियों के बीच पहुंचे और उनसे बातचीत की। कांवड़ यात्रियों से उनके नाम-पते पूछे। कांवड़ मार्ग पर सफाई, पथ प्रकाश, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य व्यवस्थाओं के बारे में उनके अनुभव की जानकारी ली।
दोनों अधिकारियों ने सड़क पर बैठकर दिल्ली से आए एक बुजुर्ग महिला और पुरुष कांवड़िया से बातचीत की। दोनों कांवड़ियों ने कहा कि इस बार बाइक एंबुलेंस की सुविधा अच्छी है। उन्होंने इसका लाभ उठाया है।
सूचना मिलते ही डॉक्टर और स्वास्थ्यकर्मी बाइक से उनके पास पहुंचे। उनका इलाज किया और अगली सूचना पर चले गए। अन्य कांवड़ियों ने भी अंधेरी सड़कों पर घूम रही रोशनी एम्बुलेंस (स्ट्रीट लाइट मोबाइल वैन) की सराहना की।
डीएम डॉ. वीके सिंह ने बताया कि इस बार कांवड़ मार्ग पर सात बाइक एम्बुलेंस तैनात की गई हैं। जो व्यस्त समय में त्वरित गति से पीड़ित तक पहुँच रही हैं। इसी प्रकार, पूरे जिले में कुल 25 रोशनी एम्बुलेंस लगातार कांवड़ मार्गों पर रोशनी फैला रही हैं।
इस दौरान उन्होंने कांवड़ मार्गों पर साफ-सफाई, पथ प्रकाश, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह भी उनके साथ रहे।